बॉलीवुड के सुपरस्टार Salman Khan की सुरक्षा में तैनात एक पुलिसकर्मी की अचानक मौत से हर कोई सन्न रह गया है. मुंबई में एक्टर के घर के बाहर ड्यूटी कर रहे 41 वर्षीय कांस्टेबल गणेश की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े. साथी पुलिसकर्मी बिना एक पल गंवाए उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर भागे लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. डॉक्टरों के अनुसार उनकी मौत की वजह दिल का दौरा बताई जा रही है.
घर के बाहर क्यों बढ़ानी पड़ी सुरक्षा?
आपको बता दें कि पिछले कुछ समय से लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से लगातार मिल रही धमकियों के बाद सलमान खान की सुरक्षा बेहद कड़ी कर दी गई है. उनके बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर और पूरे इलाके में चौबीसों घंटे पुलिस का पहरा रहता है. अप्रैल 2024 में तो उनके घर के बाहर बाइक सवार बदमाशों द्वारा फायरिंग करने की चौंकाने वाली घटना भी सामने आ चुकी है जिसके बाद से सुरक्षा व्यवस्था को और ज्यादा पुख्ता कर दिया गया है. बिश्नोई गैंग 1990 के दशक के काले हिरण शिकार मामले को लेकर लगातार अभिनेता को निशाना बनाने की फिराक में रहता है.
धमकियों पर क्या कहते हैं सलमान?
हालांकि इन सबके बीच खुद सलमान खान का यह मानना है कि हर वक्त भारी-सुरक्षा घेरे में रहना कई बार काफी मुश्किल भरा हो जाता है. एक बातचीत के दौरान उन्होंने खुलकर कहा था कि उन्हें इन धमकियों से डर नहीं लगता और उन्होंने अपनी जिंदगी का सब कुछ भगवान के भरोसे छोड़ रखा है.
ये भी पढ़ें- असम के लिए मसीहा बने बॉलीवुड सितारे, किसी ने दिए 1 करोड़ तो किसी ने खुद पहुंचकर की मदद
सलमान खान का वर्कफ्रंट
सुरक्षा और निजी जिंदगी की इन उठापटक के बीच सलमान खान अपने काम में पूरी तरह व्यस्त हैं. वे जल्द ही निर्देशक अपूर्व लाखिया की फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ में नजर आने वाले हैं जो साल 2020 की गलवान घाटी की झड़प पर आधारित है. इसमें वे कर्नल संतोष बाबू के किरदार में दिखेंगे. इसके अलावा उनके पास वामशी पैदिपल्ली की एक्शन फिल्म ‘SVC63’ भी है जिसमें उनके साथ नयनतारा लीड रोल में हैं और यह फिल्म ईद 2027 पर रिलीज होगी. छोटे पर्दे पर उनके फैंस के लिए खुशखबरी यह है कि वे जल्द ही ‘बिग बॉस 20’ के साथ टीवी पर वापसी करने जा रहे हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
