Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

आगरा की मेयर का ‘सफाई’ वाला वीडियो ही निकला एडिटेड, आशा भोसले को ‘घोंसले’ कहने पर घिरीं हेमलता दिवाकर

आगरा मेयर हेमलता दिवाकर का फैक्ट चेक: आशा भोसले को श्रद्धांजलि देते वक्त नाम गलत बोलने पर हुई ट्रोलिंग. खुद को सही साबित करने के लिए पोस्ट किया एडिटेड वीडियो, तकनीकी जांच में पकड़ी गई चोरी.

agra-mayor-hemlata-diwakar-asha-bhonsle-video-fact-check-edited-clip

Fact check: राजनीति में कभी-कभी ‘डैमेज कंट्रोल’ की कोशिश ही गले की हड्डी बन जाती है. ऐसा ही कुछ आगरा की मेयर और भाजपा नेता हेमलता दिवाकर कुशवाहा के साथ हुआ है. मशहूर गायिका आशा भोसले के निधन पर शोक व्यक्त करने के दौरान उनके नाम में चूक और व्यवहार को लेकर मेयर साहिबा बुरी तरह ट्रोल हो रही हैं. अब मामला और बिगड़ गया है क्योंकि खुद को सही साबित करने के लिए उन्होंने जो वीडियो पोस्ट किया, वो भी ‘कट-पेस्ट’ का शिकार पाया गया है.

क्या है पूरा विवाद?

12 अप्रैल को जब सुरों की मल्लिका आशा भोसले ने दुनिया को अलविदा कहा, तो प्रधानमंत्री मोदी समेत देश भर की हस्तियों ने शोक जताया. इसी कड़ी में मेयर हेमलता दिवाकर का एक वीडियो वायरल हुआ. इस अनकट वीडियो में मेयर श्रद्धांजलि देने से पहले न केवल हंसती हुई दिखीं, बल्कि उन्होंने बगल में खड़े व्यक्ति से यह भी पूछा- “सिंगर हैं ना वो?” हद तो तब हो गई जब उन्होंने आशा भोसले का नाम गलत पुकारते हुए उन्हें ‘आशा घोंसले’ कह दिया.

खुद को सही साबित करने की कोशिश

सोशल मीडिया पर भारी फजीहत के बाद मेयर ने फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट कर इसे विरोधियों की साजिश करार दिया. उन्होंने लिखा कि वायरल वीडियो ‘फेक’ है और छेड़छाड़ की गई है. उन्होंने ‘असली’ वीडियो होने का दावा करते हुए एक क्लिप पोस्ट की और लिखा- “कुछ व्यूज और लाइक्स के लिए मेरी पहचान को क्षति पहुंचाने की कोशिश की गई है.”

लेकिन, मेयर की ये सफाई उनके लिए उलटी पड़ गई. जांच करने पर सामने आया कि उनके द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो में 4 सेकंड और 26 सेकंड पर ‘जंप कट’ लगे हैं. गौर से देखने पर पता चलता है कि वीडियो से वही हिस्सा हटा दिया गया है जहां उन्होंने ‘घोंसले’ शब्द का उच्चारण किया था.

ओरिजिनल वीडियो ने खोली पोल

एक न्यूज पोर्टल के फेसबुक पेज पर वो ओरिजिनल अनकट वीडियो अब भी मौजूद है, जहां से ये पूरा विवाद शुरू हुआ था. पोर्टल ने खुद पोस्ट लिखकर मेयर पर तंज कसा कि उन्होंने पोर्टल के ही वीडियो को एडिट करके खुद को पाक-साफ दिखाने की कोशिश की है, लेकिन ‘पब्लिक सब जानती है’.

राजनीतिक गलियारों में चर्चा

आगरा की मेयर का ये रवैया अब चर्चा का विषय बन गया है. लोगों का कहना है कि मानवीय भूल स्वीकार करने के बजाय एडिटेड वीडियो का सहारा लेना एक जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति को शोभा नहीं देता. फिलहाल, इस ‘वीडियो वार’ ने मेयर की छवि को सुधारने के बजाय और भी नुकसान पहुंचाया है.

ये भी पढ़ें: बालेन शाह ने ये क्या कहा? ‘भारत के रामराज बनने पर ही मिलाऊंगा हाथ’, जानें क्या है वायरल पोस्ट का सच

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital