आजकल सोशल मीडिया पर भक्ति और आस्था से जुड़ी चीजों को लेकर लोगों का उत्साह चरम पर रहता है, लेकिन इसी उत्साह का फायदा उठाकर कुछ लोग ‘फेक न्यूज’ की दुकान भी चलाने लगते हैं. ताजा मामला भगवान हनुमान से जुड़ा है. पिछले कुछ दिनों से इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर एक वीडियो बिजली की रफ्तार से फैल रहा है. दावा किया जा रहा है कि एक यात्री को हवाई जहाज की खिड़की से साक्षात भगवान हनुमान के दर्शन हुए हैं. वीडियो में दिखता है कि बादलों के बीच एक ऊंची पहाड़ी है, जिस पर हनुमान जी विशालकाय रूप में टहल रहे हैं.
वायरल पोस्ट में क्या है?
वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा गया है, ‘आज तो असली में हनुमान जी के दर्शन हो गए.” जाहिर है, बजरंग बली के प्रति अगाध श्रद्धा रखने वाले लोग इस वीडियो को देखते ही भावुक हो रहे हैं और बिना सोचे-समझे इसे धड़ाधड़ शेयर और लाइक कर रहे हैं.
View this post on Instagram
लेकिन क्या वाकई आसमान की ऊंचाइयों में किसी ने साक्षात ईश्वर को कैमरे में कैद कर लिया? चलिए, जानते हैं इस वायरल वीडियो की असली सच्चाई.
तकनीक का ‘मायाजाल’
जब हमारी टीम ने इस वीडियो की बारीकी से जांच की, तो पहली नजर में ही कुछ चीजें खटकने लगीं. वीडियो में हनुमान जी की चाल और आसपास के बादलों की बनावट बहुत ज्यादा ‘स्मूथ’ दिख रही थी, जैसी आमतौर पर फिल्मों के स्पेशल इफेक्ट्स में होती है. अपनी शंका को दूर करने के लिए हमने इस वीडियो को ‘AI डिटेक्शन टूल’ पर डालकर चेक किया.
जांच के नतीजे वही निकले जिसका डर था. यह वीडियो असल में किसी कैमरे से रिकॉर्ड नहीं किया गया है, बल्कि इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से बनाया गया है. टूल के मुताबिक, इस वीडियो के AI-जनरेटेड होने की संभावना 63 प्रतिशत से भी ज्यादा है. यानी किसी ने मोबाइल ऐप या सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल करके पहाड़ी और हनुमान जी की आकृति को एक फ्रेम में फिट कर दिया है.
आस्था का सम्मान करें, अफवाहों का नहीं
अक्सर देखा गया है कि लोग धार्मिक भावनाओं में बहकर ऐसी पोस्ट को शेयर कर देते हैं, जिससे गलत सूचनाएं समाज में फैलती हैं. तकनीक इतनी एडवांस हो गई है कि अब यह पहचानना मुश्किल हो जाता है कि क्या सच है और क्या कंप्यूटर की करामात. हनुमान जी पहाड़ी पर टहल रहे हैं, यह दृश्य सुनने में जितना अद्भुत लगता है, हकीकत में यह सिर्फ एक डिजिटल कलाकारी है.
ये भी पढ़ें: आखिर क्यों शशि थरूर ने पाकिस्तान की तारीफ की? जानें वायरल हो रहे वीडियो की सच्चाई
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



