मिडिल ईस्ट में तनाव का माहौल अभी भी जारी है, ऐसे में इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच जारी टकराव को लेकर हर रोज नए-नए दावे किए जा रहे हैं. इसी बीच सोशल मीडिया पर एक बेहद डरावना वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक विशाल इमारत में भीषण आग लगी देखी जा सकती है. दावा किया जा रहा है कि ये ईरान द्वारा कतर के गैस प्लांट पर किए गए हमले का वीडियो है. लेकिन क्या ये वाकई में ऐसा हुआ है. आइए जानते है इसकी सच्चाई.
क्या है वायरल दावा?
दरअसल, इंस्टाग्राम और फेसबुक के कई पेजेस इस वीडियो को 25 मार्च 2026 को अपलोड करते हुए लिख रहे हैं कि कतर के गैस प्लांट पर ईरान का बड़ा हमला.
बता दें कि वीडियो में आग की लपटें इतनी ऊंची हैं कि देखकर किसी का भी दिल दहल जाए.
पड़ताल में पता लगी सच्चाई
हमारी टीम ने गूगल लेंस और रिवर्स इमेज सर्च का सहारा लेते हुए वीडियो की शुरुआती जांच शुरू की. जांच में ये पुरानी मीडिया रिपोर्ट्स मिलीं. असल में ये वीडियो नवंबर 2025 का है और ये घटना दक्षिण कोरिया के चेओनान शहर की है.
वहां के एक मशहूर ‘फैशन लॉजिस्टिक्स सेंटर’ में 15 नवंबर 2025 को भीषण आग लग गई थी. इस गोदाम में लाखों की तादाद में कपड़े और जूते रखे थे, जो जलकर राख हो गए थे. उस वक्त ‘स्ट्रेट्स टाइम्स’ और दक्षिण कोरिया की स्थानीय वेबसाइट्स ने इस खबर को प्रमुखता से दिखाया था. अच्छी बात यह रही थी कि उस हादसे में कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ था.
कतर पर हमला हुआ, पर वीडियो गलत है
बता दें कि रिपोर्ट्स के अनुसार, 18 मार्च 2026 को ईरान ने कतर के ‘रास लाफान’ औद्योगिक क्षेत्र पर मिसाइलें दागी थीं. कतर के रक्षा मंत्रालय ने भी इसकी पुष्टि की थी कि एक मिसाइल उनके एलएनजी (LNG) उत्पादन केंद्र के पास गिरी थी जिससे नुकसान हुआ था. लेकिन, उस असली हमले की आड़ में अब दक्षिण कोरिया के पुराने वीडियो को चलाकर लोगों में भ्रम फैलाया जा रहा है.
मिडिल ईस्ट के इत तनाव के समय में सोशल मीडिया पर कई पुराने और भ्रामक वीडियो वायरल हो रहे हैं. लोग बिना सोचे-समझे ऐसे वीडियो शेयर कर देते हैं जिससे डर का माहौल बनता है. हमारी सलाह यही है कि किसी भी वीडियो या फोटो पर भरोसा करने से पहले उसकी प्रमाणिकता जरूर जांच लें. कतर में हमला जरूर हुआ है, लेकिन वायरल हो रहा ये वीडियो पूरी तरह से फर्जी है और दक्षिण कोरिया की एक पुरानी दुर्घटना का है.
ये भी पढ़ें: भारत में लगेगा लॉकडाउन? लोगों को सता रहा है मार्च का डर! जानें क्या है अपवाहों का पूरा सच
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

