Fact Check: सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव के नाम से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है, जिससे दावा किया गया है कि अगर उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनती है तो बाबरी मस्जिद का निर्माण उसी स्थान पर कराया जाएगा, जहाँ वर्तमान में राम मंदिर बना है.
क्या किया गया दावा?
28 सितंबर को इंस्टाग्राम यूजर sanatni_shivam_0808 ने एक स्क्रीनशॉट शेयर किया, जिसमें अखिलेश यादव की फोटो और उनके नाम से एक कथित बयान लिखा गया था. पोस्ट में लिखा था कि, उत्तर प्रदेश में अगर हमारी सरकार बनेगी, तो हम अपने मुस्लिम भाइयों से वादा करते हैं कि बाबरी मस्जिद का निर्माण वहीं कराएंगे, जहां आज राम मंदिर बना हुआ है. इस पोस्ट को कई यूजर्स ने सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसके कारण ये तेजी से वायरल हो गया.
पड़ताल में क्या निकला?
जब हमने इस पोस्ट की जांच की तो पता चला की अखिलेश यादव के किसी भी आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर ऐसी कोई पोस्ट मौजूद नहीं है और न ही एक्स की एडवांस सर्च से भी इसका कोई प्रमाण मिला.
कीवर्ड से हमने इसे गुगल पर भी सर्च किया लेकिन इसको लेकर कोई मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली. अगर अखिलेश यादव ने ऐसा कोई बयान दिया होता, तो वो जरूर मीडिया की सुर्खियों में रहता.
पहले भी हो चुका है ऐसा दावा
दिसंबर 2021 में भी ठीक ऐसा ही पोस्ट वायरल हुआ था, जिसे तब भी फेक पाया गया था. उस समय सपा के प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने इस बात को साफ किया था कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सम्मान किया है और किसी भी तरह का उकसाने वाला बयान नहीं दिया.
सच्चाई
अखिलेश यादव के नाम से वायरल यह पोस्ट फेक है. सपा अध्यक्ष ने न तो ऐसी कोई पोस्ट की है और न ही इस तरह का कोई वादा या बयान दिया है. यह दावा पूरी तरह भ्रामक है और जनता को गुमराह करने के उद्देश्य से फैलाया गया है.
ये भी पढ़ें: Fact Check: लद्दाख हिंसा में तोड़फोड़ कर रहे प्रदर्शनकारी, जानें वायरल हो रहे वीडियो की सच्चाई
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

