Bharat Express DD Free Dish

चालान के नाम पर खाली हो रहा है बैंक खाता! व्हाट्सऐप पर आए इन खतरनाक लिंक्स को लेकर सरकार ने जारी किया अलर्ट

सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप पर आरटीओ के नाम से भेजे जा रहे फर्जी पेंडिंग ट्रैफिक चालान के मैसेज से सावधान रहें. पीआईबी फैक्ट चेक ने चेतावनी जारी की है कि इन मैसेजों में दिए गए लिंक या एपीके फाइलों पर क्लिक करने से आपका बैंक खाता खाली हो सकता है.

PIB Fact Check Fake Traffic Challan SMS Can Empty Your Bank Account

Fact Check: डिजिटल इंडिया के दौर में सरकार लगभग हर जरूरी काम के लिए हमसे फोन या मैसेज के जरिए संपर्क करती है. लेकिन इसी सुविधा का फायदा उठाकर साइबर ठगों ने ठगी का एक नया और खतरनाक तरीका निकाल लिया है. अगर आपके मोबाइल या व्हाट्सऐप पर भी कोई ऐसा मैसेज आया है, जिसमें लिखा है कि आपका ‘ट्रैफिक चालान’ पेंडिंग है और उसे तुरंत भरने के लिए एक लिंक दिया गया है, तो ठहर जाइए! यह आपको कंगाल करने की साजिश भी हो सकती है.

RTO के नाम पर हो रहा खेल

दरअसल, इन दिनों देश भर में कई लोगों के फोन पर फर्जी आरटीओ अधिकारी बनकर मैसेज भेजे जा रहे हैं. इन मैसेजों के साथ अक्सर कोई अनजान लिंक, APK फाइल या PDF अटैच होती है, जो दिखने में बिल्कुल सरकारी और असली लगती है.

भारत सरकार की आधिकारिक फैक्ट चेक एजेंसी PIB Fact Check ने इस स्कैम का भंडाफोड़ करते हुए लोगों को अलर्ट किया है. पीआईबी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर चेतावनी देते हुए लिखा कि स्कैमर्स लोगों को फंसाने के लिए नकली ई-चालान लिंक भेज रहे हैं. जैसे ही आप घबराहट में इस लिंक पर क्लिक करते हैं या APK फाइल इंस्टॉल करते हैं, वैसे ही आपका फोन हैक हो जाता है. इसके बाद आपके बैंक से आने वाले OTP ठगों तक पहुंच जाते हैं और आपकी बिना मर्जी के खाते से सारे पैसे साफ हो जाते हैं.

संदिग्ध मैसेज मिलने पर क्या करें?

अगर आपके पास भी ऐसा कोई संदिग्ध मैसेज, वीडियो या ऑडियो आता है, तो घबराएं नहीं और न ही उस पर आंख मूंदकर भरोसा करें. सरकार की तरफ से इसकी सच्चाई जांचने के लिए मुफ्त सुविधा दी गई है.

आप सीधे पीआईबी की ऑफिशियल वेबसाइट factcheck.pib.gov.in पर जाकर इसकी शिकायत कर सकते हैं. इसके अलावा, आप उनके आधिकारिक व्हाट्सऐप नंबर +918799711259 या ईमेल आईडी [email protected] पर उस मैसेज को भेजकर उसका सच जान सकते हैं. सुरक्षित रहें और बिना जांचे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें.

ये भी पढ़ें: क्या है ‘पेन बम’ जिसको लेकर सोशल मीडिया पर पुलिस एडवाइजरी की हो रही बात? जानें पोस्ट का सच

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read