Fact Check: तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही है. इस फोटो में विजय को राहुल गांधी के पैर छूते हुए दिखाया गया है और राहुल गांधी उन्हें आशीर्वाद देते नजर आते हैं. कई यूजर्स ने इसे सच मानकर शेयर किया.
वायरल पोस्ट का दावा
फेसबुक पर एक यूजर ने यह तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि विजय ने सीएम पद की शपथ लेने के बाद मंच पर मौजूद राहुल गांधी के पैर छुए और नेताओं ने तालियां बजाईं. इस पोस्ट को हजारों लोगों ने देखा और शेयर किया.
पड़ताल की शुरुआत
भारत एक्सप्रेस न्यूज ने इस तस्वीर की जांच की. गूगल रिवर्स इमेज सर्च से पता चला कि असली वीडियो राहुल गांधी के यूट्यूब चैनल पर मौजूद है. उस वीडियो में कहीं भी विजय को राहुल गांधी के पैर छूते हुए नहीं दिखाया गया. यही वीडियो एक यूट्यूब चैनल पर भी अपलोड मिला.
एआई टूल्स से जांच में क्या मिला?
तस्वीर को एआई डिटेक्शन टूल्स से चेक किया गया. ‘Sight Engine’ ने 65% संभावना जताई कि यह इमेज एआई से बनी है. ‘Undetectable’ टूल ने भी यही संकेत दिए. इसके बाद ‘Hive Moderation’ ने 92.9% तक इसे एआई-निर्मित बताया. रिपोर्ट में कहा गया कि यह GPT मॉडल की मदद से बनाई गई है.
कांग्रेस की प्रतिक्रिया
भारत एक्सप्रेस न्यूज ने कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम से संपर्क किया. उन्होंने साफ कहा कि यह तस्वीर फर्जी है और विजय ने राहुल गांधी का पैर नहीं छुआ.
शपथ ग्रहण में मौजूद थे राहुल गांधी
10 मई 2026 को तमिलनाडु में विधानसभा चुनावों के बाद विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. इस मौके पर राहुल गांधी भी मौजूद थे. यह राज्य में डीएमके और एआईएडीएमके के लंबे शासन का अंत था. कांग्रेस इस नई सरकार में सहयोगी है.
फर्जी पोस्ट करने वाला यूजर
जांच में पता चला कि तस्वीर शेयर करने वाला यूजर राजस्थान के जोधपुर का रहने वाला है. उसके फेसबुक अकाउंट पर 88 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं और यह अकाउंट नवंबर 2020 में बनाया गया था.
ये भी पढ़ें-24 घंटे, 2 फरमान और बंगाल में मचा बवाल, मदरसों और सरकारी कर्मचारियों पर सुवेंदु सरकार का नया आदेश
जांच से साफ हुआ कि वायरल तस्वीर असली नहीं है. इसे एआई की मदद से बनाया गया है. तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने राहुल गांधी के पैर नहीं छुए थे. यह पूरी तरह से फर्जी पोस्ट है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

