Bharat Express DD Free Dish

Fact Check: रूस के भूकंप से जोड़कर फैलाए जा रहे वायरल वीडियो क्या है सच, जानिए इसकी हकीकत

Fact Check: रूस के कैमचटका में आए 8.8 तीव्रता के भूकंप के बाद सोशल मीडिया पर कई पुराने और भ्रामक वीडियो वायरल हो रहे हैं. भारत एक्सप्रेस न्यूज की जांच में सामने आया कि ये वीडियो रूस के हालिया भूकंप से संबंधित नहीं हैं. जानिए इन वायरल वीडियो की सच्चाई…

Russia Eatthquake Fact Check

Fact Check: रूस के सुदूर पूर्वी क्षेत्र कैमचटका के पास बीते दिन यानी 30 जुलाई को 8.8 तीव्रता के साथ भयानक भूकंप आया था. यह झटका इतना ताकतवर था कि इसे दुनिया के छह सबसे बड़े भूकंपों में शामिल किया जा रहा है. इस भूकंप के बाद प्रशांत महासागर में सुनामी का खतरा भी मंडराने लगा है. अमेरिका की जियोलॉजिकल सर्वे एजेंसी (USGS) ने आशंका जताई है कि सुनामी लहरें रूस और जापान के तटीय इलाकों को प्रभावित कर सकती हैं.

भूकंप के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि ये सभी वीडियो रूस में आए इसी हाल ही में आए भूकंप से जुड़े हैं. लेकिन भारत एक्सप्रेस न्यूज की जांच में ये सभी दावे गलत और भ्रामक निकले. आइए जानते हैं इन वायरल वीडियो की असलियत क्या है?

दावा 1

एक वीडियो में समुद्र तट पर बड़ी संख्या में व्हेल जैसी दिखने वाली मछलियों को देखा जा सकता है. दावा किया गया कि ये बेलुगा व्हेल हैं, जो भूकंप आने से एक दिन पहले तट पर आ गई थीं, यानी ये प्राकृतिक चेतावनी थी.

हकीकत

ये वीडियो अगस्त 2023 का है, जब कामचटका के टिगिल्स्की जिले में बेलुगा व्हेल समुद्र किनारे आ गई थीं. इन्हें स्थानीय मछुआरों ने बचाया था. इस घटना का भूकंप से कोई संबंध नहीं है.

दावा 2

एक और वीडियो में एक दुकान के अंदर तेज झटकों से सामान गिरता दिख रहा है. इसमें एक महिला टेबल के नीचे छुपती नजर आती है. ऐसे दावा किया गया कि ये वीडियो भी रूस के भूकंप का है.

सच्चाई

यह वीडियो म्यांमार के सगाइंग इलाके का है, जहां मार्च 2025 में भूकंप आया था. इस आपदा में 2,700 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी. वीडियो का रूस से कोई लेना-देना नहीं है.

दावा 3

एक और क्लिप में समुद्र की ऊंची लहरें बीच पर आते हुए दिख रही हैं. दावा किया गया कि यह कामचटका में आए भूकंप का असर है.

सच्चाई

यह वीडियो दक्षिण अफ्रीका के डरबन शहर का है और 12 मार्च 2017 का है, जब नॉर्थ बीच पर समुद्र में उथल-पुथल मची थी और बीच को सावधानी के तौर पर बंद कर दिया गया था.

दावा 4

एक और वीडियो में समुद्र की जबरदस्त लहरें वहां खड़ी नावों को बहाकर ले जाती नजर आती हैं. इसे भी रूस का वीडियो बताया जा रहा है.

असलियत

ये वीडियो ग्रीनलैंड का 2017 का है, जब वहां सुनामी आने से एक गांव में तबाही मच गई थी.

ये भी पढ़ें: Fact Check: बिहार चुनाव से पहले निकला बैलेट पेपर का जिन्न, PM मोदी का वीडियो वायरल

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Latest