इन दिनों सोशल मीडिया पर डायरेक्टर नितेश तिवारी की बहुचर्चित फिल्म ‘रामायणम्’ को लेकर जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है. इसी बीच, फिल्म से जुड़ा एक वीडियो इंटरनेट पर आग की तरह फैल रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि इसमें अभिनेता सनी देओल हनुमान के गेटअप के लिए मेकअप करवाते नजर आ रहे हैं. शेयर किए जा रहे पोस्ट में यह भी कहा जा रहा है कि यह ‘रामायणम्’ के सेट से लीक हुआ ओरिजिनल लुक है. लेकिन वीडियो की असल कहानी कुछ और ही है.
क्या है वायरल वीडियो और दावा?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लोग इस वीडियो को धड़ल्ले से शेयर कर रहे हैं. इंस्टाग्राम पर एक यूजर ने 7 नवंबर 2026 को इस क्लिप को पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा कि ‘रामायण’ फिल्म से सनी देओल का हनुमान लुक लीक हो गया है. इस वीडियो में एक शख्स बिल्कुल सनी देओल जैसे दिखने वाले चेहरे के साथ मेकअप चेयर पर बैठा नजर आता है और उसके हाव-भाव भी काफी हद तक अभिनेता से मिलते-जुलते हैं. यही वजह है कि आम लोग इसे सच मान बैठे और तेजी से फॉरवर्ड करने लगे.
क्या है असल सच्चाई?
वायरल वीडियो की गहराई से पड़ताल करने पर सनी देओल के चेहरे के एक्सप्रेशन थोड़े रोबोटिक और अजीब लगे, जिससे एआई होने का शक हुआ. इसकी पुष्टि के लिए हमने कई एडवांस एआई डिटेक्शन टूल्स का सहारा लिया. एआई डिटेक्शन टूल्स ने इस वीडियो के करीब 100 फीसदी एआई-निर्मित होने के संकेत दिए. इसके अलावा अन्य प्रमुख टूल्स ने भी इसे 80 से 99 प्रतिशत तक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई से बना हुआ बताया.
इसके अलावा अभिनेता सनी देओल के पर्सनल असिस्टेंट ने भी साफ शब्दों में पुष्टि की कि वायरल हो रहा यह वीडियो पूरी तरह फर्जी और मनगढ़ंत है.
क्या है ‘रामायणम्’ और सनी देओल के किरदार का सच?
बता दें कि नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘रामायणम्’ दो हिस्सों में रिलीज हो रही है, जिसका पहला पार्ट इस दिवाली पर आ चुका है. इस पहले पार्ट के अंत में मेकर्स ने हनुमान के किरदार की एक झलक जरूर दिखाई है, लेकिन वह भी कैमरे के पीछे से यानी बैक एंगल से फिल्माई गई है. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, रवि दुबे लक्ष्मण और यश रावण के रोल में नजर आ रहे हैं, जबकि अभिनेता सनी देओल फिल्म के दूसरे पार्ट में हनुमान की भूमिका निभाते दिखाई देंगे. बहरहाल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो पूरी तरह एक एआई प्रैंक है. इसलिए किसी भी वीडियो पर उसकी पूर्ण रूप से पुष्टि होने के बाद ही भरोसा करें.
यह भी पढ़ें: क्या परमाणु शक्ति बनने की तैयारी में ईरान? सोशल मीडिया पर VIRAL वीडियो ने बढ़ाई लोगों की चिंता
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

