Bharat Express DD Free Dish

वैभव सूर्यवंशी का बल्ला या ‘AI’ का जादू! क्या बोल गया पाकिस्तानी एक्सपर्ट? जानें दावे की सच्चाई

15 वर्षीय बल्लेबाजी सनसनी वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2026 में अपने आक्रामक खेल से छाए हुए हैं. उनकी सफलता देख पाकिस्तानी एक्सपर्ट नौमान नियाज ने आरोप लगाया है कि उनके बल्ले में ‘AI चिप’ लगी हो सकती है.

Pakistan Expert claims AI Chip in Vaibhav Suryavanshi's Bat after 37-ball Century

IPL 2026 में इन दिनों वैभव सूर्यवंशी के ही नाम की गूंज है. महज 15 साल का ये लड़का जब क्रीज पर उतरता है, तो बड़े-बड़े गेंदबाजों के पसीने छूट जाते हैं. लेकिन कहते हैं ना कि जब भारत का कोई सितारा चमकता है, तो पड़ोसी देश पाकिस्तान में खलबली मचना तय है. इस बार तो हद ही हो गई; वैभव की तूफानी बल्लेबाजी देख एक पाकिस्तानी एक्सपर्ट ने ऐसा ‘बचकाना’ दावा कर दिया है जिसे सुनकर आप अपनी हंसी नहीं रोक पाएंगे.

बल्ले में ‘AI चिप’ का आरोप

पाकिस्तान के क्रिकेट एक्सपर्ट नौमान नियाज वैभव की आक्रामकता देखकर इतने बौखला गए कि उन्होंने मर्यादा ही लांघ दी. उन्होंने एक शो के दौरान कहा कि वैभव के बल्ले की जांच होनी चाहिए. नियाज का कहना है, ‘सोचिए, ये बच्चा क्या है? इसका बैट चेक कराइए. जैसे वाडा (WADA) डोप टेस्ट करती है, वैसे ही इसके बल्ले को लैब भेजिए. शायद इसने अपने बल्ले में कोई AI चिप लगा रखी है.

हैरानी की बात ये है कि एक तरफ वो वैभव की तकनीक की तारीफ कर रहे हैं और दूसरी तरफ उनकी सफलता को पचा नहीं पा रहे. उन्होंने आगे कहा कि 15 साल की उम्र में जब बच्चों की मांसपेशियां भी पूरी तरह विकसित नहीं होतीं, तब ये लड़का विराट कोहली जैसे दिग्गजों जैसी पावर हिटिंग कैसे कर रहा है.

कौन हैं वैभव सूर्यवंशी?

वैभव सूर्यवंशी को आज दुनिया ‘वंडर किड’ और ‘टीन सेंसेशन’ जैसे नामों से बुला रही है. हाल ही में राजस्थान की ओर से खेलते हुए हैदराबाद के खिलाफ उन्होंने जो किया, वह किसी करिश्मे से कम नहीं था. वैभव ने महज 37 गेंदों पर 103 रनों की आतिशबाजी कर अपना दूसरा आईपीएल शतक जड़ा.

उनकी बल्लेबाजी की सबसे खास बात है उनका ‘निडर अंदाज’. वे पहली ही गेंद से गेंदबाज पर हावी हो जाते हैं. आंकड़े गवाही दे रहे हैं कि वैभव कोई ‘तुक्का’ नहीं हैं. आईपीएल 2026 में वे अब तक 8 मैचों में 357 रन बना चुके हैं. उनका स्ट्राइक रेट 234.87 का है, जो बड़े-बड़े धुरंधरों के लिए भी एक सपना होता है.

पाकिस्तानी मिर्ची के पीछे का असली दर्द

दरअसल, पाकिस्तान में मची इस खलबली के पीछे वैभव का वो टैलेंट है जिसे दुनिया सलाम कर रही है. जब 15 साल का बच्चा दुनिया के नंबर-1 गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाता है, तो क्रिकेट के जानकारों को समझ नहीं आता कि इसे तकनीक कहें या कुदरत का करिश्मा. नौमान नियाज जैसे विशेषज्ञों के लिए ये स्वीकार करना मुश्किल हो रहा है कि जिस उम्र में बच्चे बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, उस उम्र में वैभव आईपीएल के ऑरेंज कैप की रेस में दूसरे नंबर पर चल रहे हैं.

सोशल मीडिया पर भारतीय फैंस इस ‘AI चिप’ वाले कमेंट का जमकर मजे ले रहे हैं. लोगों का कहना है कि ये ‘AI’ कुछ और नहीं बल्कि ‘असली इंडियन’ टैलेंट है.

ये भी पढ़ें: नासिक TCS केस की आरोपी निदा खान का वीडियो हुआ वायरल? जानें इस ‘कॉर्पोरेट जिहाद’ के दावे का सच!

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read