Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

बिहार में जहरीली शराब पीने से 5 लोगों की मौत, बढ़ सकती है मृतकों की संख्या

बिहार के सीवान और सारण जिलों में जहरीली शराब पीने से पांच लोगों की मौत हो गई और कई अन्य अस्पताल में भर्ती हैं. वहीं, जिला मजिस्ट्रेट गुप्ता ने जोर देकर कहा कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा.

Poisonous Liquor Case

बिहार के सीवान और सारण जिलों में जहरीली शराब पीने से पांच लोगों की मौत हो गई और कई अन्य अस्पताल में भर्ती हैं. सीवान के जिलाधिकारी मुकुल कुमार गुप्ता ने बताया कि मंगलवार शाम कौड़िया वैसी टोला गांव में उल्टी, सिरदर्द और पेट दर्द जैसे लक्षणों के साथ लोगों को इलाज के लिए भगवानपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया.

गुप्ता ने कहा, “जब उनकी हालत पहले से और ज्‍यादा बिगड़ गई तो उन्हें सीवान के सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से कुछ को बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर कर दिया गया.”

बढ़ सकती है मृतकों की संख्या 

गुप्ता ने बताया, “इलाज के दौरान चार लोगों की मौत हो गई तथा सात अन्य लोगों का इलाज सदर अस्पताल सीवान और पीएमसीएच पटना में चल रहा है.” मृतकों की पहचान कौड़िया वैसी टोला के अरविंद सिंह (40) और रामेंद्र सिंह (30), माधव पोखरा गांव के संतोष साहनी (35) और मुन्ना (32) के रूप में हुई है. वहीं, इस घटना को लेकर ग्रामीणों का दावा है कि मृतकों की संख्या जिला प्रशासन द्वारा पुष्टि की गई संख्या से अधिक है.

पोस्टमार्टम के बाद पता चलेगा मौत का कारण

उन्होंने यह भी दावा किया कि पीड़ितों ने मंगलवार शाम को जहरीली शराब पी थी और रात 9 बजे के आसपास लक्षण दिखने लगे. जहां एक तरफ पीड़ितों के परिवार यह दावा कर रहे हैं कि यह सारी मौत जहरीली शराब पीने से हुई है. वहीं, जिला मजिस्ट्रेट गुप्ता ने जोर देकर कहा कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा. अधिकारी घटना के कारणों की पुष्टि करने के लिए फिलहाल स्थिति की जांच कर रहे हैं.

प्रभावित गांवों में एंबुलेंस की तैनाती

सीवान में भयावह स्थिति को देखते हुए, जिला मजिस्ट्रेट ने प्रभावित गांवों में एंबुलेंस तैनात की है, ताकि जहरीली शराब पीने के बाद बीमारी के लक्षण दिखने वाले किसी भी व्यक्ति को जल्‍दी ही उपचार के लिए ले जाया जा सके. इस एहतियाती उपाय का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रभावित लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिले.

सारण जिले के इब्राहिमपुर गांव में मंगलवार शाम जहरीली शराब पीने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से बीमार हो गए. मृतक की पहचान लतीफ मियां के बेटे इस्लामुद्दीन के रूप में हुई है, जबकि दो अन्य शमशाद अंसारी और मुमताज अंसारी की हालत गंभीर है. इन दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा में भर्ती कराया गया है.

जांच में जुटी पुलिस

छपरा (मुख्यालय) के एएसपी राकेश कुमार ने कहा, “हमें मंगलवार को शराब पीने वाले तीन लोगों के बारे में जानकारी मिली है. उन्हें सदर अस्पताल छपरा में भर्ती कराया गया और उनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई. हम घटना की जांच कर रहे हैं.” सीवान और सारण में हुई दोनों घटनाओं की फिलहाल जांच चल रही है. अधिकारी मौतों के सही कारणों का पता लगाने में जुटे हैं. मेडिकल जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना के लिए सीधे तौर पर जहरीली शराब जिम्मेदार है या नहीं.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital