Bharat Express DD Free Dish

उत्तर भारत में गर्मी ने दी समय से पहले दस्तक; 35 डिग्री तक पहुंचा तापमान, जानें अपने शहर का हाल

रवरी के आधे सफर के साथ ही उत्तर भारत में मौसम के मिजाज में बड़ा बदलाव आया है. जहां बाड़मेर जैसे इलाकों में पारा 35 डिग्री के करीब पहुंच गया है, वहीं एक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में हल्की बूंदाबांदी के आसार बन रहे हैं.

Aaj Ka Mausam

AI जेनरेटेड इमेज.

Aaj ka Mausam: अगर आप आज सुबह सोकर उठे होंगे, तो हवा में वो जानी-पहचानी गुलाबी ठंड महसूस हुई होगी. लेकिन गफलत में न रहें! फरवरी का आधा महीना बीतते-बीतते उत्तर भारत के मौसम ने अपनी करवट बदल ली है. अब वो दिन लद गए जब आप भारी-भरकम जैकेट पहनकर निकलते थे. अब वक्त आ गया है कि आप अलमारी से हल्के कपड़े बाहर निकाल लें, क्योंकि सूरज के तेवर अब तीखे होने लगे हैं.

दिल्ली-NCR: दोपहर में तपिश

राजधानी दिल्ली और गुरुग्राम में आज का दिन मिला-जुला रहने वाला है. सुबह के वक्त हल्की धुंध ने दस्तक दी है, जिससे सड़कों पर रफ्तार थोड़ी धीमी रह सकती है. लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, खिली हुई धूप आपको पसीने छुड़ाने की तैयारी में है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 27 डिग्री तक जा सकता है, वहीं गुरुग्राम में भी पारा इसी के आसपास रहेगा.

राहत की बात यह है कि प्रदूषण (AQI) फिलहाल ‘मध्यम’ श्रेणी में है, लेकिन फिर भी बुजुर्गों और सांस के मरीजों को सुबह की सैर के वक्त थोड़ा संभलकर रहने की जरूरत है. रात होते-होते हल्की ठंडक वापस लौटेगी, इसलिए दिन में गर्मी, रात में सर्दी वाला ये समय सेहत के लिए थोड़ा चुनौतीपूर्ण हो सकता है.

UP-बिहार: समय से पहले गर्मी की दस्तक!

यूपी और बिहार के मैदानों में तो जैसे सर्दी ने बोरिया-बिस्तर समेटना शुरू कर दिया है. लखनऊ में पारा 30 डिग्री के पार जाने को बेताब है. हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 17 और 18 फरवरी को एक हल्का ‘पश्चिमी विक्षोभ’ सक्रिय हो सकता है, जिससे आगरा और बुंदेलखंड के इलाकों में बूंदाबांदी हो सकती है.

बिहार की बात करें तो पटना से लेकर गया तक पछुआ हवाओं की रफ्तार कम होने से धूप अब चुभने लगी है. रविवार को कैमूर में तापमान करीब 30 डिग्री पहुंच गया, जो संकेत है कि इस बार फरवरी उम्मीद से ज्यादा गर्म रहने वाली है.

राजस्थान और झारखंड: ‘मई’ जैसा अहसास

राजस्थान के बाड़मेर में तो पारा 34-35 डिग्री को छू रहा है, जो फरवरी के लिहाज से काफी ज्यादा है. वहीं झारखंड में भी जमशेदपुर और पश्चिमी सिंहभूम जैसे जिलों में दोपहर के वक्त स्वेटर पहनने की जरूरत अब खत्म हो चुकी है. रांची में कड़ी धूप लोगों को पसीने ला रही है, हालांकि पहाड़ी इलाकों जैसे गुमला में अब भी रातें थोड़ी ठंडी बनी हुई हैं.

पहाड़ों पर बर्फबारी और दक्षिण में उमस

एक तरफ जहां मैदान तप रहे हैं, वहीं पहाड़ों पर अभी भी कुदरत का खेल जारी है. 17 से 19 फरवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में हल्की बर्फबारी और बारिश की संभावना है. दूसरी ओर, दक्षिण भारत के तटीय इलाकों और कोंकण-गोवा में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है.

ये भी पढ़ें: फॉर्मेट, स्थान और तारीखें भले ही बदल जाएं, लेकिन पाकिस्तान का नतीजा एक जैसा रहेगा: अमित शाह

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Latest