दिल्ली सरकार के स्कूलों में कक्षाओं के निर्माण को लेकर कथित भ्रष्टाचार मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (Anti-Corruption Bureau – ACB) ने आम आदमी पार्टी (AAP) के दो प्रमुख नेताओं और पूर्व मंत्रियों मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को समन जारी किया है.
ACB के अधिकारियों के अनुसार, सत्येंद्र जैन को 6 जून को पूछताछ के लिए ACB कार्यालय में उपस्थित होने के लिए कहा गया है, जबकि मनीष सिसोदिया को 9 जून को पेश होने का निर्देश दिया गया है.
यह मामला दिल्ली सरकार के तहत विभिन्न स्कूलों में कक्षा कक्षों के निर्माण से जुड़ा है, जहां कथित तौर पर भारी वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं. ACB ने इस प्रोजेक्ट के टेंडर, भुगतान, निर्माण लागत और गुणवत्ता से जुड़े कई दस्तावेजों की जांच के बाद इन दोनों नेताओं को पूछताछ के लिए बुलाया है.
सूत्रों के मुताबिक, जांच में पाया गया कि अनुमानित लागत की तुलना में कई गुना अधिक खर्च दर्शाया गया था. आरोप है कि निर्माण कार्यों में टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई और कुछ ठेकेदारों को नियमों के विरुद्ध लाभ पहुंचाया गया. इस मामले में पूर्व में भी कई अधिकारी और ठेकेदार ACB की जांच के घेरे में आ चुके हैं.
मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन, दोनों ही नेता पहले से ही विभिन्न मामलों में प्रवर्तन निदेशालय (ED) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की जांच का सामना कर रहे हैं. अब ACB की ताजा कार्रवाई से उनके खिलाफ कानूनी मुश्किलें और बढ़ सकती हैं.
ACB ने कहा है कि यह समन जांच प्रक्रिया का हिस्सा है और आवश्यक दस्तावेज व बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
