Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद प्लेन हादसे पर अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने दुख जताया और कहा कि इस हादसे का शिकार हुए लोगों के परिवारों के साथ हमारी संवेदनाएं हैं. अदाणी ने कहा, “हम एयर इंडिया फ्लाइट 171 के हादसे से स्तब्ध और बहुत दुखी हैं. हमारी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने अकल्पनीय क्षति सहन की है. हम सभी अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं और ग्राउंड पर मौजूदा परिवारों को पूरा सपोर्ट दे रहे हैं.”
We are shocked and deeply saddened by the tragedy of Air India Flight 171. Our hearts go out to the families who have suffered an unimaginable loss. We are working closely with all authorities and extending full support to the families on the ground. 🙏🏽
— Gautam Adani (@gautam_adani) June 12, 2025
इसके अतिरिक्त, सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (SVPIA) या अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के अधिकारियों ने कहा कि अगली सूचना तक सभी उड़ान संचालन अस्थायी रूप से निलंबित रहेंगे.
एसवीपीआईए के प्रवक्ता ने कहा, “अगली सूचना तक सभी उड़ान संचालन अस्थायी रूप से निलंबित रहेंगे. यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे एयरपोर्ट पर जाने से पहले नए अपडेट के लिए संबंधित एयरलाइनों से जानकारी लें.” उन्होंने कहा, “हम आपसे सहयोग और धैर्य रखने का अनुरोध करते हैं. एयरपोर्ट के अधिकारी इस उभरती हुई स्थिति से निपट रहे हैं. आगे की जानकारी जल्द ही उपलब्ध कराई जाएगी.”
प्लेन में सवार थे 3 और देशों के नागरिक
अमेरिकी कंपनी बोइंग द्वारा निर्मित एयर इंडिया का यह विमान अहमदाबाद से लंदन जा रहा था और उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस विमान में 10 चालक दल के सदस्यों और तीन छोटे बच्चों सहित 242 लोग सवार थे. दुर्घटना के कारण बचाव दल और आपातकालीन सेवाओं की तेज आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्र के आसपास की सभी सड़कों को तत्काल बंद कर दिया गया.
एयर इंडिया के बयान में कहा गया, अहमदाबाद से 13:38 बजे रवाना हुई बोइंग 787-8 विमान की इस उड़ान में 242 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे. इनमें से 169 भारतीय नागरिक हैं, 53 ब्रिटिश नागरिक हैं, एक कनाडाई नागरिक है और सात पुर्तगाली नागरिक हैं.
ये भी पढ़ें: Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद विमान दुर्घटना पर कनाडा, ब्रिटेन सहित दुनियाभर में शोक, वैश्विक नेताओं ने जताया दुख
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

