Majid Hussain Controversial Speech: महाराष्ट्र में ऑल इंडिया मजलिस इत्तेहाद मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के सुप्रीमो असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी के एक नेता के बयान ने बवंडर खड़ा कर दिया है. एआईएमआईएम नेता ने मंच पर खड़े होकर धमकी भरे जहरीले शब्द बोले, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. नगर परिषद चुनाव के दौरान एआईएमआईएम नेता के द्वारा दिये गए इस बयान पर सोशल मीडिया पर हंगामा मचा हुआ है. लोग पुलिस को टैग कर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
दरअसल महाराष्ट्र के वाशिम में नगर परिषद चुनाव होने वाला है. इसी को लेकर शुक्रवार को एआईएमआईएम नेता और हैदराबाद के नामपल्ली सीट से विधायक माजिद हुसैन चुनावी सभा में पहुंचे थे. बागवान पूरा इलाके में आयोजित जनसभा में माजिद हुसैन ने धमकी भरे लहजे में कुछ ऐसा बोल दिया कि इलाके में डर का माहौल पैदा हो गया.
“गली-गली कम पड़ेगी…”
उन्होंने मंच पर खड़े होकर एआईएमआईएम विधायक ने कहा,
मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन बच्चों का खेल नहीं है…जब हमारे पर आएगी तो इंशाअल्लाह गली-गली कम पड़ेगी.
राजनीतिक टिप्पणी ने माहौल गर्माया
उनकी इस टिप्पणी ने राजनीतिक माहौल गर्मा दिया. राजनीतिक हलकों में एआईएमआईएम विधायक के विरोध में बातें चलने लगी. वहीं सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे खुली धमकी बताते हुए चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग की है.
ये भी पढ़ें- छूट गए चैतन्यानंद सरस्वती के चेले! यौन शोषण केस में आया पटियाला हाउस कोर्ट का फैसला
वाशिम नगर परिषद का है मामला
बताया जा रहा है कि यह सभा वाशिम नगर परिषद चुनाव में उतरे एआईएमआईएम के उम्मीदवारों को समर्थन देने के लिए की गई थी. इसी को लेकर विधायक माजिद हुसैन वाशिम पहुंचे थे. मंच पर भाषण देते हुए माजिद हुसैन ने पार्टी की ताकत, क्षमता सहित स्थानीय समीकरणों के बारे में बताये. इसी दौरान उनके मुंह से ये धमकी भरे स्वर निकल गए.
विवादित वीडियो सामने आने के बाद विपक्षी दलों ने एआईएमआईएम और उसके विधायक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. उन्होंने असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी पर डर और धमकी की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग की है. नेताओं का कहना है कि असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी चुनावी माहौल खराब कर रही है. इसपर तुरंत संज्ञान लेने की जरूरत है. हालांकि अभी तक इस मामले में एआईएमआईएम की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
