Bharat Express DD Free Dish

Air India Boeing 787: एयर इंडिया के एक और ड्रीमलाइनर में आई खराबी, फ्लाइट को वापस लौटना पड़ा हांगकांग

Air India की फ्लाइट AI-315 तकनीकी खराबी के चलते हांगकांग लौटी. एक हफ्ते में तीसरा ड्रीमलाइनर विमान प्रभावित, अहमदाबाद हादसे में 241 मौतें हुई.

air india boeing 787

Air India Boeing 787: एयर इंडिया में तकनीकी खराबियों का सिलसिला खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है. हाल ही में अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे के बाद अब हांगकांग से दिल्ली आ रही फ्लाइट AI-315 को उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी के चलते वापस लौटना पड़ा. ये प्लेन भी बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान का बताया जा रहा है.

क्रू मेंबर्स को हुआ फ्लाइट में गड़बड़ी का संदेह

तकनीकी खराबी का संदेह होते ही विमान सुरक्षित रूप से हांगकांग में उतारा गया. बताया जा रहा है कि उड़ान के दौरान क्रू मेंबर्स को विमान में कुछ समस्या होने का शक हुआ था. जिसके बाद यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, विमान को हांगकांग वापस ले जाया गया. वहीं एयर इंडिया ने अभी तक इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है.

विमान में आई तकनीकी खराबी की असल वजह अभी तक सामने नहीं आ सकी हैं. बता दें कि कुछ ही दिनों पहले एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 काफी दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई थी. ये फ्लाइट पिछले हफ्ते अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. जो अहमदाबाद से लंदन जा रहा था. इस दुर्घटना में 241 यात्रियों की मौत हो गई थी.

अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हुआ विमान भी था ड्रीमलाइनर

एक हफ्त पहले अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हुआ एयर इंडिया का विमान भी ड्रीमलाइनर था. बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुआ था. लेकिन उड़ान भरने के तुरंत बाद यह विमान क्रैश हो गया और गुजरात के अहमदाबाद में स्थित बीजे मेडिकल कॉलेज के एक हॉस्टल से टकरा गया. विमान में 230 यात्रियों और 12 क्रू मेंबर्स सहित कुल 242 लोग सवार थे. दुर्घटना में 241 लोगों की मौत हो गई और सिर्फ एक यात्री बचा. जिसकी पहचान विश्वकुमार रमेश के तौर पर हुई थी.

एक दिन में 3 ड्रीमलाइनर विमान में आई खराबी

बता दें ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है जब बोइंग ड्रीमलाइनर के विमानों में खराबी सामने आ रही है. सोमवार को बोइंग ड्रीमलाइनर से जुड़ी दो अन्य घटनाएं सामने आईं थी. लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे से चेन्नई के लिए उड़ान भरने वाली ब्रिटिश एयरवेज की बोइंग ड्रीमलाइनर को तकनीकी खराबी के कारण वापस लौटना पड़ा. वहीं, फ्रैंकफर्ट से हैदराबाद जा रही लुफ्थांसा की एक अन्य बोइंग ड्रीमलाइनर को बम की धमकी मिलने के बाद वापस फ्रैंकफर्ट लौटना पड़ा.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read