Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

अमेठी में कांग्रेस को बड़ा झटका देंगे अखिलेश यादव! सपा प्रमुख के ट्वीट से बढ़ा यूपी का सियासी पारा

Akhilesh Yadav in Amethi: अखिलेश ने कहा कि अगली बार अमेठी बड़े लोगों को नहीं बड़े दिलवाले लोगों को चुनेगा. सपा अमेठी की दरिद्रता को मिटाने का संकल्प उठाती है.

akhilesh yadav

अमेठी में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव (फोटो- @yadavakhilesh)

Akhilesh Yadav in Amethi: समाजवादी पार्टी अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नेहरू-गांधी परिवार का गढ़ रहे अमेठी क्षेत्र से अगले लोकसभा चुनाव में पार्टी का उम्मीदवार उतारने के संकेत दिए हैं. अगर अखिलेश यादव आगामी लोकसभा चुनाव में अमेठी से सपा का उम्मीदवार उतारते हैं तो यहां दिलचस्प लड़ाई देखने को मिल सकती है.

दरअसल, सपा अभी तक अमेठी लोकसभा सीट से अपना प्रत्याशी उतारने से परहेज करती रही है. वहीं कांग्रेस पार्टी भी मैनपुरी में अपना उम्मीदवार नहीं उतारती थी. इसको लेकर बीजेपी दोनों दलों के बीच ‘मैच फिक्स’ होने का आरोप लगाती रही है. वहीं अब सपा प्रमुख के एक ट्वीट ने यूपी के सियासी पारा चढ़ा दिया है.

अखिलेश यादव रविवार को अमेठी के दौरे पर पहुंचे थे जहां उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनी. अखिलेश ने एक ट्वीट कर कहा, “अमेठी में गरीब महिलाओं की दुर्दशा देखकर मन बहुत दुखी हुआ. यहां हमेशा वीआईपी जीते और हारे हैं, फिर भी यहां ऐसा हाल है तो बाकी प्रदेश का क्या कहना.”

अखिलेश ने कहा कि अगली बार अमेठी बड़े लोगों को नहीं बड़े दिलवाले लोगों को चुनेगा. सपा अमेठी की दरिद्रता को मिटाने का संकल्प उठाती है. उन्होंने ट्वीट के साथ अपने अमेठी के दौरे की कुछ तस्वीरें भी डाली हैं. इस ट्वीट के बाद यह संकेत मिल रहे हैं कि आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी अमेठी में अपना उम्मीदवार उतार सकती है. इस स्थिति में कांग्रेस को झटका लग सकता है.

ये भी पढ़ें: Prayagraj Encounter: ‘मेरे पति को जबरन मुसलमान बता दिया गया, हम लोग हिंदू हैं’- उस्मान के एनकाउंटर पर बोली पत्नी- मुझे भी मार दो

बीजेपी पर साधा निशाना

अमेठी के दौरे पर अखिलेश यादव ने बीजेपी सांसद स्मृति ईरानी पर भी जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अमेठी की बीजेपी एमपी सिलेंडर वाली एमपी है. होली आ गई है, लेकिन अभी गरीब को सिलेंडर नहीं मिला. सपा अध्यक्ष ने कहा कि आज चीनी से लेकर आटा-तेल सबकुछ महंगा हो गया है. उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने किसानों को बर्बाद कर दिया है.

बता दें कि अमेठी लोकसभा क्षेत्र अर्से से नेहरू-गांधी परिवार का गढ़ माना जाता रहा है और सपा यहां से अपना प्रत्याशी उतारने से परहेज करती रही है. 2019 के लोकसभा चुनाव में इस सीट पर भाजपा नेता और केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को हराकर कांग्रेस का वर्चस्व तोड़ा था.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital