Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

बांकुड़ा में अमित शाह की हुंकार, बोले- ‘भाजपा आई तो सिंडिकेट चलाने वालों को उल्टा लटका देंगे, बेटियां रात 1 बजे भी घूमेंगी सुरक्षित’

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा में चुनावी रैली को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि बंगाल में अवैध रूप से रहने वालों को अगर कोई हटा सकता है, तो वह सिर्फ भारतीय जनता पार्टी ही है.

अमित शाह ने वादा किया कि भाजपा की सरकार बनने के बाद सभी अवैध लोगों की पहचान कर उन्हें बाहर किया जाएगा. शाह ने कहा कि भाजपा को सत्ता में लाओ, हम सिंडिकेट चलाने वालों को उल्टा लटका देंगे. केंद्रीय मंत्री ने ममता बनर्जी की तुलना ‘हीरक की रानी’ से करते हुए कहा कि इस ‘रानी’ को 23 तारीख को हटाना जरूरी है.

उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल से ओडिशा और झारखंड में आलू की सप्लाई बंद कर दी गई है. अगर भाजपा सत्ता में आई, तो यह सप्लाई फिर से शुरू होगी. ममता बनर्जी के इस फैसले के कारण 20 रुपए का आलू 2 रुपए में बिक रहा है.

आदिवासी समुदाय के सम्मान को लेकर कांग्रेस पर हमला

अमित शाह ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र द्वारा बंगाल के विकास के लिए भेजे गए फंड को टीएमसी के सिंडिकेट ने हड़प लिया. उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार आने पर टीएमसी को हर एक पैसे का हिसाब देना होगा. आदिवासी समुदाय का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में संथाल समाज को कभी सम्मान नहीं मिला, लेकिन भाजपा सरकार में इसी समुदाय की एक महिला को देश का राष्ट्रपति बनाया गया. अमित शाह ने आरोप लगाया कि जब राष्ट्रपति बंगाल आईं, तो उनका अपमान किया गया.

सभी के लिए समान कानून का दावा

अमित शाह ने घोषणा की कि भाजपा की सरकार बनने पर राज्य का मुख्यमंत्री एक बंगाली नेता ही होगा. साथ ही उन्होंने बेरोजगार युवाओं और महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपए देने का वादा भी किया. केंद्रीय गृह मंत्री ने यह भी कहा कि भाजपा सत्ता में आने पर यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करेगी, जिससे हिंदू और मुस्लिम दोनों के लिए एक समान कानून होगा.

ममता बनर्जी के उस बयान पर भी उन्होंने निशाना साधा, जिसमें उन्होंने लड़कियों को शाम 7 बजे के बाद बाहर न निकलने की सलाह दी थी. अमित शाह ने कहा,

“अगर भाजपा सत्ता में आई, तो बेटियां रात 1 बजे भी सुरक्षित घूम सकेंगी.”

गृह मंत्री ने कहा कि ममता बनर्जी के शासन में 7,000 फैक्ट्रियां बंद हो गई हैं, लेकिन भाजपा सत्ता में आने पर उन्हें फिर से शुरू किया जाएगा और रविंद्रनाथ टैगोर के ‘सोनार बांग्ला’ का सपना साकार किया जाएगा.

यह भी पढ़े: महात्मा फुले की 200वीं जयंती: पीएम मोदी ने किया दो वर्षीय देशव्यापी समारोहों का शिलान्यास; बोले- ‘करोड़ों भारतीयों के प्रेरणापुंज हैं ज्योतिबा’

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Chhath Puja 2026