Bharat Express DD Free Dish

सावन के पहले सोमवार पर अमित शाह ने दी देशवासियों को बधाई, भोलेनाथ से की सबके कल्याण की प्रार्थना

सावन के पहले सोमवार के पावन अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और ‘ॐ नमः शिवाय’ का जाप कर भगवान शिव से सभी के कल्याण की कामना की.

Amit Shah Extends Greetings On First Monday Of Sawan Month

पवित्र सावन महीने की शुरुआत के साथ ही आज सावन का पहला सोमवार है. इस खास और पावन मौके पर देशभर के शिव मंदिरों में भक्तों का तांता लगा हुआ है. इस बीच केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने समस्त देशवासियों को सावन के प्रथम सोमवार की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं.

‘देवाधिदेव महादेव सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें’

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस खास अवसर पर अपने एक्स हैंडल से सभी देसवासियों को सावन की शुभकामनाएं दी. उन्होंने अपने पोस्ट में ‘ॐ नमः शिवाय’ का जाप करते हुए भगवान भोलेनाथ से देशवासियों की सुख-समृद्धि और कल्याण की प्रार्थना की.

अमित शाह ने कहा कि देवाधिदेव महादेव की कृपा हर नागरिक पर बनी रहे और देश में खुशहाली आए.

शिव भक्ति का सबसे पवित्र महीना है सावन

हिंदू धर्म और परंपरा में सावन के महीने का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है. मान्यता है कि यह पूरा महीना भगवान शिव की आराधना के लिए समर्पित होता है. सावन के सोमवार के दिन श्रद्धालु व्रत रखते हैं, शिवालयों में जाकर जलाभिषेक और दूध से महादेव का पूजन करते हैं.

देशभर के प्रमुख ज्योतिर्लिंगों और स्थानीय शिव मंदिरों में सुबह से ही ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारे गूंज रहे हैं.

सावन के सोमवार का महत्व

सोमवार का दिन शिवजी को समर्पित होता है और जब यह सावन में आता है तो इसका महत्व और बढ़ जाता है. धार्मिक मान्यता है कि सावन सोमवार को शिवलिंग पर जल चढ़ाने से भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं. कांवड़िए जब पैदल यात्रा कर पवित्र नदी से जल लेकर आते हैं और सोमवार को शिवलिंग पर अर्पित करते हैं, तो इसे विशेष पुण्यदायी माना जाता है.

ये भी पढ़ें: ‘मुश्किल वक्त में भी मत खोना धैर्य’: पीएम मोदी ने संस्कृत सुभाषित साझा कर देशवासियों को दिया खास संदेश

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read