Bharat Express DD Free Dish

मानसून से पहले एक्शन में अमित शाह! दो दिवसीय गुजरात दौरे में ‘मिशन 5 मिलियन ट्री’ पर होगा मंथन, राज्य को मिलेंगे विकास प्रोजेक्ट

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 16-17 मई को गुजरात दौरे पर रहेंगे. वे अहमदाबाद और गांधीनगर में करोड़ों की विकास परियोजनाओं, तालाबों के इंटरलिंकिंग प्रोजेक्ट और मधुर डेयरी के नए मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट का उद्घाटन करेंगे.

Amit Shah On UGC

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज (16 मई) से अपने दो दिवसीय दौरे पर गुजरात पहुंच रहे हैं. 16 और 17 मई को अहमदाबाद और गांधीनगर में आयोजित विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शाह हिस्सा लेंगे. इस दौरे के दौरान वे जहां एक तरफ स्थानीय नगर निगमों के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे, वहीं दूसरी तरफ मानसून से पहले बुनियादी ढांचे और पर्यावरण से जुड़े बड़े प्रोजेक्ट्स की समीक्षा भी करेंगे. गांधीनगर महानगर पालिका के जन सम्पर्क अधिकारी ने इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम की पुष्टि की है.

मानसून से पहले ‘मिशन 5 मिलियन ट्री’

अपने दौरे के पहले दिन, यानी 16 मई को अमित शाह अहमदाबाद के दक्षिण-पश्चिम जोन कार्यालय में एक हाई-लेवल मीटिंग करेंगे. इस बैठक में उनके अपने संसदीय क्षेत्र ‘गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र’ के अंतर्गत आने वाले करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी.

चर्चा के मुख्य बिंदुओं में मानसून के मद्देनजर जल संचयन के लिए तालाबों को आपस में जोड़ने (Interlinking) का प्रोजेक्ट और पर्यावरण को बढ़ावा देने के लिए आगामी “मिशन 5 मिलियन ट्री” (50 लाख पेड़) महा-अभियान शामिल हैं. शाह नगर निगम के आला अधिकारियों के साथ बैठक कर इन योजनाओं को समय पर पूरा करने का रोडमैप तैयार करेंगे. इसके अलावा, वे अहमदाबाद नगर निगम (AMC) के नवनिर्वाचित पार्षदों से भी मुलाकात कर जमीनी फीडबैक लेंगे.

अमित शाह करेंगे मधुर डेयरी के नए प्लांट का उद्घाटन

दौरे के दूसरे दिन, यानी 17 मई को सहकारिता मंत्री के रूप में अमित शाह गांधीनगर जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी मंडली द्वारा संचालित ‘मधुर डेयरी’ के नए मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट का भव्य उद्घाटन करेंगे. चिलोड़ा के पास दशेला गांव में बनकर तैयार हुआ यह नया प्लांट अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है. डेयरी के चेयरमैन डॉ. शंकर सिंह राणा ने बताया कि यह कार्यक्रम 17 मई को दोपहर एक बजे आयोजित किया गया है.

ये भी पढ़ें: नीदरलैंड पहुंचे PM मोदी, राजा विलेम-अलेक्जेंडर के साथ द्विपक्षीय बातचीत आज

सहकारिता मॉडल को मिलेगी नई गति

अमित शाह न केवल इस नए मिल्क प्लांट का फीता काटेंगे, बल्कि वे पूरे प्लांट का बारीकी से निरीक्षण भी करेंगे ताकि इसकी क्षमता और आधुनिक तकनीकों का जायजा लिया जा सके. इस ऐतिहासिक उद्घाटन के बाद वे दशेला में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, जहां वे सहकारिता क्षेत्र के विकास और दुग्ध उत्पादकों के कल्याण को लेकर सरकार के संकल्पों को दोहराएंगे. अगले 48 घंटों में अमित शाह के इस दौरे से गुजरात के विकास और सहकारिता मॉडल को नई गति मिलने की उम्मीद है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read