Bharat Express DD Free Dish

2029 तक MP में लागू होगा ये बड़ा नियम, अमित शाह के ऐलान पर बोलीं उमा भारती- लंबे समय से इंतजार था, मन की मुराद पूरी हो गई

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के 2029 तक MP को नशा मुक्त करने के ऐलान पर पूर्व सीएम उमा भारती गदगद हो गईं. उमा ने कहा कि मन की मुराद पूरी हो गई.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मध्य प्रदेश दौरे के बाद पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती का जोश हाई है. दरअसल भोपाल में एक कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने ऐलान किया था कि 2029 तक पूरे मध्य प्रदेश को नशे से मुक्त कर दिया जाएगा. उनके इसी बयान पर उमा भारती ने खुलकर अपनी खुशी जताई है और इस फैसले का समर्थन किया है. उमा भारती का कहना है कि वह खुद काफी लंबे वक्त से नशे के विरोध में लड़ाई लड़ रही हैं और शाह के इस एलान से उनकी मुहिम को मजबूती मिलेगी.

‘मन की इच्छा पूरी होने जैसा ऐलान’

इस घोषणा को लेकर उमा भारती ने कहा कि भारत सरकार के गृह मंत्री और भाजपा के बड़े नेता अमित शाह ने जो कहा है कि मध्य प्रदेश को नारकोटिक्स और ड्रग्स से फ्री करना है, उसका उन्हें काफी समय से इंतजार था. उन्होंने कहा कि अमित शाह के इस बयान ने उनके दिल की मुराद पूरी कर दी है और इससे उनका जो अभियान है वह कामयाब होगा.

उमा ने किया फैसले का स्वागत

उमा भारती ने आगे कहा कि किसी भी तरह के नशे से मुक्ति की शुरुआत शराबबंदी से होती है. उनका मानना है कि एक बार जब कोई इंसान शराब का आदी हो जाता है तो वह धीरे-धीरे दूसरे नशीले पदार्थों की तरफ चला जाता है. अगर मध्य प्रदेश नशामुक्ति का मॉडल बनता है तो इसका असर पूरे हिंदुस्तान पर पड़ेगा. इसलिए मध्य प्रदेश को नशामुक्त करने के ऐलान का वह दिल से स्वागत और अभिनंदन करती हैं.

भोपाल में शाह ने क्या कहा था?

आपको बता दें कि भोपाल दौरे पर एक सभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने बड़ा एलान किया था. उन्होंने कहा था कि 31 दिसंबर 2029 तक मध्य प्रदेश को नारकोटिक्स और नशे की दिक्कत से पूरी तरह छुटकारा दिला दिया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि इसके बाद प्रदेश के किसी भी बेटे-बेटी के भविष्य पर नशे का साया नहीं रहेगा.

ये भी पढ़ें-गुरुग्राम में अमित शाह की रैली से पहले लेजर वैली ग्राउंड पहुंचे प्रदेशाध्यक्ष-मंत्री; सुरक्षा-यातायात व्यवस्था की समीक्षा की

पहले से ही मुहिम चला रही हैं उमा

गौरतलब है कि पूर्व सीएम उमा भारती खुद भी नशे के खिलाफ लगातार मुहिम चला रही हैं. वह कई बार शराब की दुकानों पर जाकर उन्हें बंद भी करा चुकी हैं. अब अमित शाह के इस ऐलान के बाद उमा भारती ने अपनी खुशी जाहिर की है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read