Amit Shah Tribute Rani Lakshmibai: देश के गृहमंत्री अमित शाह ने झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर उनको श्रद्धांजलि दी. उन्होंने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई की मातृभूमि के प्रति त्याग व समर्पण देश को प्रेरणा देता है.
गृहमंत्री अमित शाह ने रानी लक्ष्मीबाई की वीरता और दूरदृष्टि की सराहना करते हुए कहा कि मातृभूमि की रक्षा को जीवन का सर्वोच्च ध्येय बनाने वालीं रानी लक्ष्मीबाई जी ने अपनी दूरदृष्टि से सन् 1857 की क्रांति को आकार देने में अविस्मरणीय भूमिका निभाई. उन्होंने अपनी वीरता, अद्भुत शौर्य और पराक्रम से अंग्रेजों की कूटनीति से लेकर युद्ध के मैदानों तक दाँत खट्टे किए. हर देशवासी को उनकी वीरगाथा अवश्य पढ़नी चाहिए और मातृभूमि के प्रति त्याग व समर्पण की प्रेरणा लेनी चाहिए.

अमित शाह ने आगे कहा कि ऐसी महान वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई जी को उनकी जयंती पर कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से वंदन करता हूँ.
देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने रानी लक्ष्मीबाई को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, अदम्य साहस और पराक्रम की प्रतिमूर्ति वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई को उनकी जयंती पर मैं स्मरण करते हुए नमन करता हूं. प्रथम स्वाधीनता संग्राम में जिस बहादुरी से उन्होंने अंग्रेज़ी हुकूमत के ख़िलाफ़ संघर्ष किया वह भारतीय इतिहास का एक गौरवपूर्ण अध्याय है. नारी शक्ति को मज़बूत करने में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा.

लोकसभा स्पीकर ने किया वंदन
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने भी झांसी की रानी की जयंती पर उनको नमन किया. उन्होंने कहा कि,
“झांसी की रानी लक्ष्मीबाई जी की जयंती पर कोटि-कोटि नमन. अल्पायु में ही अप्रतिम साहस, शौर्य और स्वाभिमान के बल पर रानी लक्ष्मीबाई ने औपनिवेशिक शासन को कड़ी चुनौती दी, तथा मातृभूमि के लिए जीवन न्योछावर कर सदा के लिए अमर हो गई. उनकी वीरता ने न केवल करोड़ों भारतीयों में नया जोश भरा, बल्कि दुनिया को बता दिया कि भारत की बेटियाँ जब उठ खड़ी होती हैं, तो कोई ताकत उन्हें रोक नहीं सकती.
योगी आदित्यनाथ ने दी श्रद्धांजलि
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी. उन्होंने कहा,
ब्रिटिश हुकूमत की अधीनता, हम नहीं स्वीकार करेंगे. प्रथम स्वाधीनता संग्राम की महान वीरांगना, अदम्य साहस, असाधारण शौर्य एवं अपरिमित पराक्रम की प्रतीक रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! उनकी अमर गाथाएं भारत के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित हैं और अनंतकाल तक हमें राष्ट्ररक्षा हेतु प्रेरणा प्रदान करती रहेंगी.

ये भी पढ़ें- ट्रम्प की बढ़ी मुश्किलें! सीनेट ने एपस्टीन फाइल्स जारी करने के लिए पास किया विधेयक, केवल एक सीनेटर ने जताया विरोध
राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने भी रानी लक्ष्मीबाई को नमन किया. उन्होंने कहा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वालीं, अप्रतिम शौर्य की प्रतिमूर्ति, नारी शक्ति एवं वीरता की प्रतीक रानी लक्ष्मीबाई जी की जयंती पर शत्-शत् नमन.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



