Bharat Express DD Free Dish

‘एक मौका भाजपा को दीजिए’; शाह ने याद दिलाया AAP के अधूरे वादे, 25 लाख नौकरी और MSP पर उठाया सवाल

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मोगा, पंजाब में ‘बदलाव रैली’ को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा है.

Amit Shah In NIA Counter Terrorism Conference

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को पंजाब पहुंचे, जहां उन्होंने मोगा जिले में आयोजित ‘बदलाव रैली’ को संबोधित किया. उन्होंने राज्य की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक बार पंजाब में भाजपा को मौका मिलना चाहिए.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस, अकाली और आम आदमी पार्टी को कई मौके दिए गए और भाजपा को एक मौका दीजिए और वह पंजाब में बदलाव लाएगी.

गृह मंत्री ने कहा कि लोग आम आदमी सरकार के भ्रष्टाचार और कुशासन से तंग आ चुके हैं और बदलाव चाहते हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब में ओडिशा, असम, मणिपुर, त्रिपुरा और उत्तराखंड की तर्ज पर सरकार बनाएगी. उन्होंने कहा, अब पंजाब की बारी है.

आम आदमी पार्टी बदलाव का वादा करके सत्ता में आई थी, लेकिन मैं आम आदमी पार्टी के नेताओं से पूछना चाहता हूं कि आपके मुख्यमंत्री क्या कर रहे हैं. अरविंद केजरीवाल को देशभर में जहां भी जाना होता है, वे पंजाब सरकार के खर्चे पर हवाई जहाज से यात्रा करते हैं जबकि यहां के मुख्यमंत्री ने इसके अलावा कुछ नहीं किया है.

शाह ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने 25 लाख नौकरियों, नशामुक्त पंजाब और सभी फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का वादा किया था लेकिन वह सभी वादों पर खरी नहीं उतरी.

उन्होंने कहा, “यह झूठे वादों की सरकार है, जो भ्रष्टाचार में डूबी हुई है और घोटालों में लिप्त है. यह पंजाब का कभी भला नहीं कर सकती.”

उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार अरविंद केजरीवाल के लिए एक “एटीएम” बनकर रह गई है. उन्होंने कहा, “अगर कोई नशीले पदार्थों के व्यापार को रोक सकता है, तो वह सिर्फ भाजपा ही है.”

गुरु तेग बहादुर की 350वीं शहादत पर श्रद्धांजलि अर्पित की

अमित शाह ने अपने संबोधन की शुरुआत धार्मिक और देशभक्तिपूर्ण नारों से करते हुए शाह ने नौवें सिख गुरु तेग बहादुर को उनकी शहादत की 350वीं वर्षगांठ पर श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा पंजाब की जनता को “छोटे भाई” मानकर उनसे आशीर्वाद मांगती है.

शाह ने कहा कि भाजपा 2027 के चुनाव में लड़कर सरकार बनाएगी और उन्होंने माताओं, बहनों व बुजुर्गों से पार्टी को मजबूत करने की अपील की.

उन्होंने कहा, “अगर कोई पंजाब को नशे से मुक्त कर सकता है और युवाओं को रोजगार प्रदान कर सकता है, तो वह केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा ही है.”

ये भी पढ़ें- ‘कांग्रेस-वामपंथ और अब TMC… ‘; कोलकाता में बरसे पीएम मोदी

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read