Bharat Express DD Free Dish

अमित शाह ने एकनाथ शिंदे को दी जन्मदिन बधाई, बोले- ‘महाराष्ट्र के विकास का एक प्रमुख चेहरा’

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के जन्मदिन पर गृह मंत्री अमित शाह और पीएम मोदी ने उन्हें बधाई देते हुए उनके ‘सराहनीय कार्य’ और ‘अथक परिश्रम’ की प्रशंसा की है.

Amit Shah Tweet wishing eknath shinde on his birthday

महाराष्ट्र की राजनीति में अपनी धाक जमाने वाले श्री एकनाथ शिंदे का आज जन्मदिन है. एक साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर सत्ता के शिखर तक पहुंचने वाले शिंदे के लिए आज का दिन बेहद खास है. सोशल मीडिया से लेकर मुंबई की सड़कों तक उन्हें बधाइयां देने वालों का तांता लगा हुआ है. इस मौके पर देश के गृह मंत्री अमित शाह ने भी उनके नेतृत्व और मेहनत की जमकर सराहना की है.

विकास का एक प्रमुख चेहरा: Amit Shah

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एकनाथ शिंदे को महाराष्ट्र के विकास का एक प्रमुख चेहरा बताया. उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, ‘महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री श्री @mieknathshinde जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं.

प्रदेश के विकास और जनकल्याण की दिशा में आप निरंतर सराहनीय कार्य कर रहे हैं. गणपति बाप्पा आपको उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु प्रदान करें.’

पीएम मोदी ने भी दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शिंदे को जन्मदिन की बधाई दी. पीएम मोदी ने अपने पोस्ट में बालासाहेब ठाकरे और शिंदे के राजनीतिक गुरु धर्मवीर आनंद दिघे का भी जिक्र किया. प्रधानमंत्री ने कहा कि एकनाथ शिंदे न केवल महाराष्ट्र को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं, बल्कि वे उन महान नेताओं के अधूरे सपनों को भी धरातल पर उतारने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं. पीएम मोदी का यह कहना कि “वे महाराष्ट्र के विकास के लिए अथक परिश्रम कर रहे हैं”, शिंदे की कार्यशैली पर मुहर लगाता है.

ऑटो ड्राइवर से महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री तक

सतारा के एक छोटे से गांव से आकर ठाणे में ऑटो चलाना और फिर आनंद दिघे के प्रभाव में आकर शिवसेना का दामन थामना. यह सफर चुनौतियों भरा रहा है, लेकिन शिंदे की सबसे बड़ी ताकत रही है उनकी ‘जमीनी पकड़’. आज भी जब वे प्रशासन संभालते हैं, तो उनकी प्राथमिकता आम आदमी, किसान और युवा ही होते हैं.

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री के तौर पर वे बुनियादी ढांचे, सड़कों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जिस तेजी से लागू कर रहे हैं, उसकी चर्चा अब राष्ट्रीय स्तर पर भी होती है. शिंदे के बारे में कहा जाता है कि वे ‘ग्राउंड रिपोर्ट’ पर ज्यादा भरोसा करते हैं और शायद यही वजह है कि जनता के बीच उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है.

ये भी पढ़ें: शास्त्रों के सार से मिटेगा परीक्षा का डर: पीएम मोदी ने छात्रों को दिया सफलता का श्लोक

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read