Bharat Express DD Free Dish

Amreli Aircraft Crash: गुजरात में ट्रेनिंग के दौरान विमान दुर्घटनाग्रस्त, नीचे गिरते ही हुआ विस्फोट, पायलट की मौत

गुजरात के अमरेली में एक प्राइवेट ट्रेनिंग सेंटर का प्लेन क्रेश हो गया. हादसे में 19 वर्षीय पायलट की मौत हो गई. विमान आवासीय क्षेत्र में गिर गया, जिससे आसपास के लोग घबरा गए.

Amreli Aircraft Crash

Amreli Aircraft Crash: गुजरात के अमरेली जिले में बड़ा हादसा हुआ है. मंगलवार दोपहर शास्त्री नगर के रिहायशी इलाके में एक ट्रेनिंग विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. यह विमान एक निजी कंपनी का बताया जा रहा है. सूचना के मुताबिक, विमान में दो लोग सवार थे. हादसे में विमान उड़ा रहे पायलट की मौके पर ही मौत हो गई. दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.

विमान क्रैश होते ही हुआ तेज धमाका

विमान क्रैश होते ही तेज धमाका हुआ. देखते ही देखते विमान में आग लग गई. पूरे इलाके में भगदड़ मच गई और लोग घबराकर बाहर आ गए. यह हादसा मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे गिरिया रोड के पास हुआ. आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाई. पुलिस के आला अधिकारी भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. स्थानीय पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर लिया है. साथ ही विमान दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है.

ये भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से रोजगार पर खतरे को लेकर जताई चिंता, कही ये बड़ी बात

पेड़ से टकराकर हुआ हादसा

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विमान एक खुले मैदान में गिरने से पहले एक पेड़ से टकराया था. गनीमत रही कि हादसे से आसपास की इमारतों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा.

पिछले कुछ समय में ऐसे कई हादसे

गौरतलब है कि इससे पहले भी गुजरात और हरियाणा में विमान दुर्घटनाएं हो चुकी हैं. 2 अप्रैल को जामनगर जिले के सुवर्णा रोड गांव के पास भारतीय वायुसेना का जगुआर फाइटर प्लेन क्रैश हो गया था. उस हादसे में एक पायलट ने समय रहते सुरक्षित इजेक्ट कर लिया था। विमान जलकर खाक हो गया था.

वायुसेना ने इन घटनाओं की जांच के दिए आदेश

वहीं, 7 मार्च को हरियाणा के अंबाला जिले में भी वायुसेना का एक फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त हुआ था. उस हादसे में भी पायलट ने सुरक्षित तरीके से विमान से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई थी. वायुसेना ने इन घटनाओं की जांच के आदेश दिए थे.

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read