Bihar News: बिहार के बाहुबली नेता और पूर्व सांसद आनंद मोहन सिंह ने एक बार फिर जदयू नेताओं पर निशाना साधा. हाजीपुर में क्षत्रिय समाज के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने बिना नाम लिए एक बड़े नेता पर 10,000 करोड़ रुपये की बेनामी संपत्ति बनाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि सत्ता के संरक्षण में चल रही दलाली और लोकतंत्र की बहाली के लिए वे अब सड़क पर उतरने को तैयार हैं.
नीतीश कुमार की सेहत का हवाला
आनंद मोहन ने कहा कि नीतीश कुमार की खराब तबीयत का फायदा उठाकर कुछ नेताओं ने अपार संपत्ति अर्जित की है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो व्यक्ति कभी वार्ड पार्षद या जिला परिषद का चुनाव अपने दम पर नहीं जीत पाया, वही पिछले तीन सालों में अरबों का मालिक बन गया. उनका दावा है कि ऐसे कई लोग जदयू में हैं जो संगठन को भीतर से कमजोर कर रहे हैं.
चंबल के डकैतों से तुलना
उन्होंने आगे कहा कि जदयू में इस समय 22 ऐसे नेता सक्रिय हैं जिनका पार्टी की विचारधारा से कोई लेना-देना नहीं है. इन नेताओं की तुलना उन्होंने चंबल के डकैतों से की और कहा कि जैसे जंगलों में गिरोह चलते थे, वैसे ही अब राजनीतिक दलों के भीतर भी सिंडिकेट बन गए हैं.
दरभंगा एयरपोर्ट और AIIMS जमीन विवाद
आनंद मोहन ने दरभंगा एयरपोर्ट और प्रस्तावित AIIMS की जमीन को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि 125 एकड़ जमीन एक ट्रस्ट के नाम पर दर्ज की गई है, जो एक प्रभावशाली व्यक्ति से जुड़ा है. उनका आरोप है कि सहरसा में AIIMS बनना था, लेकिन उसे दरभंगा ले जाया गया और वहां 22.5 करोड़ रुपये का गेट बनाया गया. आसपास की जमीन पर कब्जा कर लिया गया है और यह अब उस खास व्यक्ति के करीबी लोगों के पास जा रही है.
परिवार के त्याग का जिक्र
अपने भाषण में आनंद मोहन ने कहा कि उनके परिवार ने हमेशा समाज के लिए त्याग किया है. उन्होंने बताया कि कभी उनके परिवार के पास 400 बीघा जमीन थी, लेकिन जनसेवा और राजनीतिक संघर्षों के चलते उन्हें 300 बीघा जमीन बेचनी पड़ी. अब उनके दादाओं के हिस्से में सिर्फ 35-35 बीघा जमीन बची है. उन्होंने कहा कि उन्होंने सब कुछ समाज के लिए दिया, जबकि सत्ता के दलाल अरबपति बन गए.
लोकतांत्रिक आजादी की लड़ाई
72 वर्षीय आनंद मोहन ने कहा कि इस उम्र में उन्हें अपने परिवार और पोते-पोतियों के साथ समय बिताना चाहिए था, लेकिन वे लोकतांत्रिक आजादी की लड़ाई लड़ रहे हैं. उन्होंने कहा कि जदयू को बनाने में उनका बड़ा योगदान रहा है, लेकिन अब पार्टी में ऐसे लोग हावी हो गए हैं जो सिर्फ फायदा उठाना चाहते हैं. उन्होंने जनता से अपील की कि ऐसे नेताओं को बेनकाब करना जरूरी है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


