Bharat Express DD Free Dish

अन्ना विश्वविद्यालय रेप मामला: BJP प्रदेश अध्यक्ष अन्नामलाई ने खुद को कोड़े मारकर किया प्रदर्शन

तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष अन्नामलाई ने राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए अन्ना विश्वविद्यालय की छात्रा के साथ हुए दुष्कर्म पर रोष जताया और डीएमके सरकार को सत्ता से बाहर करने तक चप्पल न पहनने का संकल्प लिया.

Annamalai
Vikash Jha Edited by Vikash Jha

तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष अन्नामलाई (Tamil Nadu BJP President Annamalai) ने राज्य सरकार के खिलाफ खुद पर कोड़े बरसा कर विरोध प्रदर्शन किया. उन्होंने अन्ना विश्वविद्यालय (Anna University) की छात्रा के साथ हुए दुष्कर्म को लेकर सरकार के खिलाफ यह प्रदर्शन किया. अन्नामलाई ने कोयंबटूर में अपने घर के बाहर अपना रोष जाहिर किया. इतना ही नहीं उन्होंने डीएमके सरकार को सत्ता से बाहर करने तक चप्पल नहीं पहनने का संकल्प भी लिया है.India

राज्य सरकार की आलोचना

अन्नामलाई ने राज्य सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि वह छात्रों, खासकर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में असमर्थ है. अन्नामलाई ने अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कदम उठाने का आग्रह किया. उनका यह विरोध प्रदर्शन राज्य सरकार की विफलताओं को उजागर करने और जवाबदेही की मांग करने का एक प्रयास था.

भाजपा नेताओं पर पुलिस ने की थी कार्रवाई

26 दिसंबर को तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई स्थित अन्ना विश्वविद्यालय परिसर में छात्रा के साथ हुए दुष्कर्म के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे भाजपा नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था. इनमें पूर्व राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन भी शामिल थे. सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे.

गुरुवार को भाजपा नेता सड़क पर उतरे. नेताओं ने सरकार से महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की. प्रदर्शनकारी नेताओं ने दो टूक कहा कि राज्य में किसी भी महिला के साथ दुर्व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा.

अन्ना यूनिवर्सिटी की छात्रा के साथ बलात्कार

बता दें कि तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में बुधवार सुबह अन्ना यूनिवर्सिटी परिसर में एक छात्रा के साथ बलात्कार किए जाने का मामला सामने आया था. पुलिस ने इस मामले में 37 वर्षीय एक आरोपी को गिरफ्तार किया था. अधिकारियों ने बताया था कि आरोपी की पहचान सड़क किनारे बिरयानी बेचने वाले ज्ञानशेखरन के रूप में हुई थी.

यह घटना अलसुबह उस समय हुई थी, जब पीड़िता और उसका पुरुष मित्र पास के चर्च में प्रार्थना में भाग लेने के बाद यूनिवर्सिटी कैंपस में लौट रहे थे. दोनों को एक सुनसान जगह पर दो लोगों ने रोक लिया था. हमलावरों ने छात्र के साथ मारपीट की और छात्रा के साथ दुष्कर्म किया था.

ये भी पढ़ें- Chennai: अन्ना यूनिवर्सिटी कैंपस में छात्रा का बलात्कार, एक गिरफ्तार

बाद में कोट्टूरपुरम थाने में शिकायत दर्ज की गई और दोनों छात्रों को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. मामले की निगरानी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे थे. राजधानी के बीचों-बीच हुई इस घटना ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read