असम ट्रिब्यून ग्रुप के संपादक पीजी बरुआ (Prafulla Govinda Baruah) का कल रात (14 दिसंबर) निधन हो गया. गुवाहाटी के एक अस्पताल में इलाज के दौरान रात करीब 9:30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी मृत्यु पर दुख जताते हुए मीडिया जगत में उनके समर्पण को याद किया.
पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोसश मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा, “असम ट्रिब्यून ग्रुप के संपादक और प्रबंध निदेशक श्री पीजी बरुआ जी के निधन से मुझे गहरा दुःख हुआ है. मीडिया जगत में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा. वे असम की प्रगति को आगे बढ़ाने और राज्य की संस्कृति को लोकप्रिय बनाने के लिए भी समर्पित थे. मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं. ओम शांति.”
Saddened by the passing away of Shri PG Baruah Ji, Editor and Managing Director of The Assam Tribune Group. He will be remembered for his contribution to the media world. He was also passionate about furthering Assam’s progress and popularising the state’s culture. My thoughts… pic.twitter.com/NONJnjKLHH
— Narendra Modi (@narendramodi) December 15, 2025
1932 में डिब्रूगढ़ में जन्मे पीजी बरुआ, द असम ट्रिब्यून के संस्थापक राधा गोविंद बरुआ के पुत्र थे. उन्होंने 1966 में संपादक का पदभार संभाला और दशकों तक अखबार का नेतृत्व किया, बाद में वे द असम ट्रिब्यून ग्रुप के अध्यक्ष बने.
CM ने भी जताया शोक
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बरुआ के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें असम के पत्रकारिता जगत का एक महान व्यक्तित्व बताया. सरमा ने X पर पोस्ट किया, “सिद्धांतवादी पत्रकारिता के प्रति उनका आजीवन समर्पण और साहित्य, शिक्षा और जनजीवन में उनका अमूल्य योगदान हमेशा याद रखा जाएगा.”
पीजी बरुआ को साहित्य और शिक्षा में उनके योगदान के लिए 2018 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया था. वे विभिन्न सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों और शौकिया रंगमंच से भी सक्रिय रूप से जुड़े रहे. उन्हें असम साहित्य सभा और डॉ. बी. बोरूआ कैंसर संस्थान सहित कई संस्थानों से कई सम्मान प्राप्त हुए.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


