Assembly Election 2026 Dates: भारत के चुनावी समर का बिगुल आज बजने जा रहा है. अगर आप पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल या पुदुचेरी के रहने वाले हैं, तो यह खबर आपके लिए सबसे ज्यादा मायने रखती है. भारतीय चुनाव आयोग (ECI) आज शाम इन पांचों राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों का आधिकारिक ऐलान करने वाला है. इसके लिए दिल्ली के विज्ञान भवन में शाम 4 बजे एक हाई-प्रोफाइल प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई है, जहां मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पूरे चुनावी शेड्यूल का खाका देश के सामने रखेंगे.
आज से लागू हो जाएगी आचार संहिता
जैसे ही चुनाव आयोग आज शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस में तारीखों की घोषणा करेगा, उसी पल से इन चुनावी राज्यों में ‘आदर्श आचार संहिता’ (Model Code of Conduct) लागू हो जाएगी. इसका सीधा मतलब यह है कि सरकारें अब किसी नई योजना की घोषणा नहीं कर पाएंगी और पूरा प्रशासनिक अमला चुनाव आयोग के नियंत्रण में आ जाएगा. ज्ञानेश कुमार के साथ इस पूरी प्रक्रिया की कमान चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी संभाल रहे हैं.
कम चरणों में निपट सकते हैं चुनाव
इस बार सबसे बड़ी चर्चा चुनाव के ‘चरणों’ को लेकर है. सूत्रों की मानें तो आयोग की कोशिश है कि इस बार मतदान की प्रक्रिया को बहुत ज्यादा लंबा न खींचकर कम से कम चरणों में निपटाया जाए. पिछली बार की तुलना में इस बार काफी बदलाव देखने को मिल सकते हैं. मतदाता सूचियों का काम पहले ही पूरा हो चुका है, इसलिए आयोग अब पूरी तरह से मैदान में उतरने को तैयार है.
ये भी पढ़ें- असम में अमित शाह का ‘शक्ति प्रदर्शन’: 1 लाख युवाओं का जमावड़ा और मेडिकल कॉलेज की सौगात
पश्चिम बंगाल पर टिकी हैं सबकी निगाहें
हमेशा की तरह इस बार भी सबकी नजरें पश्चिम बंगाल पर हैं. दिलचस्प बात यह है कि इस बार वहां चुनाव के चरण कम होने की संभावना है. खबर है कि बंगाल में तीन चरणों से ज्यादा मतदान नहीं होगा, जिस पर ज्यादातर राजनीतिक दलों ने अपनी सहमति जताई है. बीजेपी ने भी चुनाव आयोग को सुझाव दिया था कि 2021 की तरह सात-आठ चरणों में चुनाव कराना व्यावहारिक नहीं होगा.
इन सभी विधानसभाओं का कार्यकाल मई और जून में खत्म हो रहा है, जिसे देखते हुए आयोग अप्रैल और मई के बीच वोटिंग और नतीजों की पूरी प्रक्रिया संपन्न करा सकता है. शाम 4 बजे होने वाली इस घोषणा के बाद साफ हो जाएगा कि किस राज्य में कब वोट डाले जाएंगे और किसका राजतिलक कब होगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





