Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

अटल टनल के पास दर्दनाक हादसा: पिलर से टकराई तेज रफ्तार स्कॉर्पियो, गाड़ी चीरकर अंदर घुसे लोहे के सरिये, 1 की मौत

हिमाचल प्रदेश में अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल के पास बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसे में राजस्थान के एक पर्यटक की मौत हो गई और यूपी के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने पहाड़ी रास्तों पर रात में तेज गाड़ी न चलाने की अपील की है.

Atal Tunnel Car Accident Speeding Scorpio Crashes Into Pillar, 1 Dead

Atal Tunnel Car Accident: हिमाचल प्रदेश की मशहूर अटल टनल के पास बुधवार रात एक बेहद खौफनाक सड़क हादसा सामने आया है. नॉर्थ पोर्टल के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी अचानक बेकाबू हो गई और सड़क किनारे लगे बैरिकेड्स को तोड़ती हुई नीचे निर्माणाधीन पुल के पिलर से जा टकराई. टक्कर इतनी भयंकर थी कि पिलर से बाहर निकले लोहे के नुकीले सरिये गाड़ी को चीरते हुए आर-पार हो गए. इस हादसे में राजस्थान के रहने वाले एक पर्यटक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उत्तर प्रदेश के रहने वाले उनके तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल हैं.

धूमने निकले थे दोस्त

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना का शिकार हुए सभी लोग टूरिस्ट थे, जो मनाली में घूमने के बाद रात के वक्त लाहौल की तरफ बढ़ रहे थे. रात करीब 10 बजे जैसे ही उनकी स्कॉर्पियो अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल से बाहर निकली, ड्राइवर गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठा. रफ्तार इतनी तेज थी कि संभलने का मौका ही नहीं मिला. टक्कर की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और रेस्क्यू टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं.

लोहे के सरियो को काट कर निकाले गए बाहर

हादसे की जो तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं, वे रोंगटे खड़े करने वाले हैं. गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो चुका था. दमकल कर्मियों और रेस्क्यू टीम ने भारी मशक्कत के बाद गाड़ी की बॉडी को काटकर घायलों को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल भिजवाया. इस हादसे में दम तोड़ने वाले युवक की पहचान राजस्थान के रहने वाले 34 वर्षीय कैलाश के रूप में हुई है. वहीं, तीनों घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है.

पुलिस की टूरिस्ट से अपील

शुरुआती जांच में पुलिस का मानना है कि हादसा सिर्फ और सिर्फ ओवरस्पीडिंग के कारण हुआ है. मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है. हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे पहाड़ी और अनजान रास्तों पर रात के समय गाड़ी चलाने से बचें. खासकर मानसून के इस सीजन में पहाड़ों पर विजिबिलिटी कम होती है और सड़कों पर फिसलन बढ़ जाती है, ऐसे में रफ्तार पर काबू रखना बेहद जरूरी है.

ये भी पढ़ें: ‘शरणार्थी नहीं, देश और धर्म के लिए लड़ने वाले योद्धा…’ 1947 के विभाजन को याद कर RSS सरसंघचालक मोहन भागवत ने क्या कहा?

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital