Urdu Conclave 2026

बोकारो से आई बारात में चले लाठी-डंडे, खून-खराबा देख दूल्हे ने शादी से किया इनकार; पुलिस ने अस्पताल में कराई रस्में

बाढ़ में एक बारात पर हमला होने से माहौल तनावपूर्ण हो गया. 7 बाराती घायल हुए और दूल्हे ने शादी से मना कर दिया, लेकिन पुलिस की समझाइश के बाद आखिरकार शादी पूरी कराई गई.

Bihar, wedding violence

Bihar News: बिहार के बाढ़ इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां खुशी का माहौल देखते ही देखते अफरा-तफरी में बदल गया. मामला बाढ़ रेलवे स्टेशन के पास दयाचक मोहल्ले का है, जहां झारखंड के बोकारो से आई बारात पर अचानक हमला हो गया.

बताया जा रहा है कि बारात पूरे धूमधाम से निकली थी. डीजे की धुन पर बाराती नाच रहे थे और माहौल पूरी तरह उत्सव जैसा था. तभी अचानक कुछ असामाजिक तत्व भीड़ में घुस आए और बिना किसी वजह के बारातियों के साथ बदसलूकी शुरू कर दी. देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि लाठी-डंडे चलने लगे और मौके पर भगदड़ मच गई.

7 बाराती घायल, अस्पताल में भर्ती

इस हमले में करीब 7 बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को तुरंत पास के अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया.

खून-खराबा और अफरा-तफरी देखकर दूल्हा इतना घबरा गया कि उसने शादी करने से साफ मना कर दिया. इसके बाद माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया. लड़की पक्ष के लोग अस्पताल पहुंच गए और वहीं शादी कराने की बात करने लगे. कभी मंदिर में शादी कराने की चर्चा हुई तो कभी सड़क पर ही हंगामा होने लगा.

ये भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण का ‘विदेशी’ कनेक्शन, अमेरिका से आ रहा था पैसा, ED की रेड में बड़ा खुलासा

पुलिस और प्रशासन ने संभाली स्थिति

हालात बिगड़ते देख स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला. दोनों पक्षों को काफी देर तक समझाया गया. डॉक्टरों और पुलिस की मदद से आखिरकार दूल्हे को मनाया गया और उसे वापस मंडप तक लाया गया.

तनाव के बीच जल्दबाजी में जयमाला और सिंदूरदान की रस्में पूरी कराई गईं. वहीं, घायल बारातियों का इलाज जारी रहा. शादी के बाद विदाई की रस्म भी पूरी की गई और बारात वापस बोकारो के लिए रवाना हो गई.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read