Bharat Express DD Free Dish

सावधान! मोबाइल से बंद हो रहा ई-रिक्शा, चीनी ऐप BAT-BMS से 10 मीटर दूर से ही बैटरी ऑफ, चालकों में हड़कंप

BAT-BMS ऐप से ई-रिक्शा की बैटरी बंद करने के वीडियो वायरल हो रहे हैं. यह ऐप ब्लूटूथ-आधारित बैटरियों पर काम करता है.

पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें एक मोबाइल ऐप की मदद से ई-रिक्शा की बैटरी बंद की जा रही है. इस ऐप का नाम BAT-BMS बताया जा रहा है. इन घटनाओं से ई-रिक्शा चालक परेशान हैं क्योंकि कोई भी व्यक्ति बिना अनुमति के उनके वाहन को बंद कर सकता है.

BAT-BMS ऐप क्या करता है?

BAT-BMS एक यूटिलिटी ऐप है जिसे चीन की कंपनी Shenzhen Grenergy Technology ने बनाया है. यह ऐप बैटरी की स्थिति जैसे वोल्टेज, तापमान और चार्जिंग लेवल की जानकारी देता है. कुछ बैटरियों में यह ऐप बैटरी का आउटपुट ऑन या ऑफ करने का विकल्प भी देता है. आरोप है कि इसी फीचर का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है.

ई-रिक्शा क्यों बने निशाना?

यह ऐप केवल उन्हीं वाहनों पर असर डाल सकता है जिनमें ब्लूटूथ-इनेबल्ड लिथियम-आयन बैटरी लगी हो और जिनका बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम पर्याप्त सुरक्षा से लैस न हो. कई ई-रिक्शा में ऐसी स्मार्ट बैटरियां लगी हैं जिनमें डिफॉल्ट पासवर्ड या पिन नहीं बदले गए. ऐसे में कोई भी व्यक्ति ब्लूटूथ की रेंज में आकर बैटरी को नियंत्रित कर सकता है.

क्या इलेक्ट्रिक स्कूटर और बाइक भी प्रभावित हो सकते हैं?

कुछ मामलों में हां. अगर किसी इलेक्ट्रिक स्कूटर या बाइक में वही ब्लूटूथ-आधारित BMS वाली बैटरी लगी है और उसमें सुरक्षा फीचर नहीं हैं, तो BAT-BMS ऐप से उसे भी बंद किया जा सकता है. यह आमतौर पर लोकल ब्रांड या लो-स्पीड इलेक्ट्रिक वाहनों में देखने को मिलता है. ब्लूटूथ की रेंज करीब 10 से 15 मीटर होती है.

ये भी पढ़ें- भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन आज: पीएम मोदी और जापानी पीएम साने ताकाइची के बीच दिल्ली में महामंथन

बड़े ब्रांड्स कितने सुरक्षित

Ola, Ather, TVS, Bajaj जैसे बड़े ब्रांड अपने वाहनों में कस्टमाइज्ड और सुरक्षित BMS का इस्तेमाल करते हैं. इनमें डिजिटल ऑथेंटिकेशन, एन्क्रिप्शन और ओनर वेरिफिकेशन जैसे फीचर होते हैं. इसलिए इन वाहनों को किसी थर्ड-पार्टी ऐप से बंद करना लगभग असंभव माना जाता है. हालांकि सुरक्षा हमेशा सिस्टम के डिजाइन और अपडेट पर निर्भर करती है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read