Bihar News: बेगूसराय जिले में रविवार देर रात एनएच-31 पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. सिंघौल थाना क्षेत्र के अंग्रेजी ढाला के पास दो स्कॉर्पियो आमने-सामने टकरा गईं. हादसा इतना भीषण था कि चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई और पांच से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
मृतकों की पहचान
पुलिस ने बताया कि मृतकों में पोखरिया के हिमांशु कुमार, सनी कुमार, सिकंदर महतो और ऋषभ कुमार शामिल हैं. सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. जानकारी के अनुसार, पोखरिया के छह दोस्त देर रात गंगा स्नान के लिए सिमरिया जा रहे थे, तभी सामने से बारात लेकर लौट रही दूसरी स्कॉर्पियो से उनकी भिड़ंत हो गई.
टक्कर से मची अफरा-तफरी
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए. एक स्कॉर्पियो पूरी तरह से चकनाचूर हो गई. उसमें फंसे लोगों को निकालने के लिए स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी. हादसे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा. डॉक्टरों ने बताया कि कई घायलों की हालत नाजुक है, जिससे मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है.
प्रत्यक्षदर्शियों का बयान
लोगों का कहना है कि टक्कर की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी. हादसे के बाद कुछ समय के लिए एनएच-31 पर यातायात बाधित हो गया. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर सड़क को खाली कराया.
जांच जारी
पुलिस का मानना है कि हादसे की वजह तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर है. हालांकि असली कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है. घटना के बाद मृतकों के घरों में मातम पसरा है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



