Amit Shah Bhopal Visit: अजय भटनागर/भोपाल: देश में लागू हुई नई आपराधिक न्याय संहिताओं और आधुनिक पुलिसिंग को आम लोगों तक आसानी से समझाने के लिए भोपाल में एक बड़ा आयोजन होने जा रहा है. बीएचईएल (BHEL) दशहरा मैदान, गोविंदपुरा में 3 से 7 अक्टूबर 2026 तक पांच दिवसीय भव्य प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी.
इस विशेष प्रदर्शनी का भव्य उद्घाटन 3 अक्टूबर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे. केंद्रीय गृह मंत्रालय के मार्गदर्शन और मध्य प्रदेश पुलिस के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को नए कानूनों के प्रति जागरूक करना है.
3D मॉडल और लाइव डेमो
प्रदर्शनी में कोई उबाऊ ज्ञान नहीं, बल्कि पुलिस की पूरी जांच प्रणाली का सजीव (लाइव) प्रदर्शन देखने को मिलेगा. डायल-112 या ई-एफआईआर मिलने के बाद पुलिस कैसे तुरंत एक्शन में आती है, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड कैसे मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाते हैं, यह सब कुछ लाइव दिखाया जाएगा.
क्राइम सीन के 3D मॉडल, डिजिटल डिस्प्ले और वीडियो के जरिए आम लोग भी समझ सकेंगे कि कैसे वैज्ञानिक तरीके से सबूत इकट्ठे कर केस को अदालत में मजबूत बनाया जाता है. फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) और फिंगरप्रिंट मिलान की पूरी प्रक्रिया को बेहद सरल भाषा में प्रदर्शित किया जाएगा.
डिजिटल क्विज और पुलिस के अभियान
यह प्रदर्शनी सिर्फ साक्ष्य जुटाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां नागरिकों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाने के लिए चलाए जा रहे ‘सेफ क्लिक अभियान’ और ‘ऑनलाइन ई-जीरो एफआईआर’ की भी पूरी जानकारी दी जाएगी.
इसके अलावा, छात्रों और युवाओं के लिए नए कानूनों पर आधारित लाइव डिजिटल क्विज कॉम्पिटिशन भी होगा. प्रदर्शनी में ऑपरेशन मुस्कान, महिला हेल्प डेस्क और नशा मुक्ति के लिए चलाए जा रहे ‘Say No to Drugs’ अभियानों के तहत पुलिस की उपलब्धियों को पेश किया जाएगा.
मध्य प्रदेश पुलिस ने राज्य के नागरिकों, युवाओं और छात्रों से बड़ी संख्या में इस प्रदर्शनी में आकर आधुनिक न्याय व्यवस्था और वैज्ञानिक जांच प्रणाली को करीब से समझने की अपील की है.
यह भी पढ़ें: मध्य प्रदेश: विधानसभा चुनाव में अभी वक्त, लेकिन बीजेपी और कांग्रेस ने कसी कमर
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

