Bharat Express DD Free Dish

बिहार में खूनी खेल: ‘पैर पर नहीं, सीधे कलेजे पर लगेगी गोली’, सरकारी दफ्तर में दिनदहाड़े कत्लेआम के बाद 12 घंटे में एनकाउंटर

भागलपुर के सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी में कार्यपालक पदाधिकारी की मौत हो गई और सभापति गंभीर रूप से घायल हैं. वारदात के 12 घंटे के भीतर पुलिस ने मुख्य आरोपी रामधनी यादव को एनकाउंटर में ढेर कर दिया.

Bihar Bhagalpur EO killed in Office Firing, Mastermind Ramdhani Yadav Encountered

बिहार के भागलपुर से एक ऐसी खबर आई है जिसने न सिर्फ सुल्तानगंज बल्कि पूरे सूबे की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. मंगलवार की शाम, जब सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में आम दिनों की तरह कामकाज चल रहा था, अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा परिसर दहल उठा. नकाबपोश बदमाशों ने दफ्तर के अंदर घुसकर अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें सरकारी सिस्टम के दो बड़े स्तंभों को निशाना बनाया गया.

दफ्तर बना कुरुक्षेत्र

इस दुस्साहसिक हमले में कार्यपालक पदाधिकारी (EO) कृष्ण भूषण कुमार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. वहीं, नगर परिषद के सभापति राजकुमार उर्फ गुड्डू के सिर में गोली लगी है, जिनकी हालत नाजुक बनी हुई है और वे अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं. इस पूरी वारदात का एक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है, जिसे देखकर किसी की भी रूह कांप जाए. वीडियो में हमलावर बेखौफ होकर सरकारी दफ्तर के गलियारों में मौत का तांडव मचाते नजर आ रहे हैं.

12 घंटे में ‘गेम ओवर’

इस घटना ने बिहार पुलिस की साख को दांव पर लगा दिया था, लेकिन अगले ही पल जो हुआ उसने अपराधियों के बीच ‘खौफ’ का नया संदेश भेज दिया है. पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर कांड के मास्टरमाइंड रामधनी यादव को घेर लिया. बुधवार की सुबह जब पुलिस छापेमारी करने पहुंची, तो रामधनी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस पर फायरिंग झोंक दी, जिसमें तीन जवान घायल हो गए. इसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे मौके पर ही ढेर कर दिया.

सियासत में उबाल

इस एनकाउंटर के बाद बिहार की राजनीति में भी उबाल आ गया है. जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने इस पर एक ऐसा बयान दिया है जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा, ‘बिहार में कानून का राज है. पहले अपराधियों के पैर में गोली लगती थी, लेकिन अब अगर वे पुलिस पर हमला करेंगे, तो कलेजा पर फटाफट गोली चलेगी.’ नीरज कुमार के इस बयान को बिहार सरकार की ‘नई क्राइम पॉलिसी’ के तौर पर देखा जा रहा है. सरकार का यह सख्त तेवर बताता है कि अब अपराधियों के लिए ‘गेम रूल’ बदल चुके हैं.

बता दें कि जहां, एक तरफ जहां पुलिस इसे ‘इंस्टेंट इंसाफ’ और बड़ा संदेश बता रही है, वहीं विपक्ष ने कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरना शुरू कर दिया है.

ये भी पढ़ें: बंगाल में वोटिंग खुलते ही खूनी खेल शुरू!… नादिया में एजेंट का सिर फोड़ा, तो एंटली में कथित तौर पर EVM के पास टीएमसी के 10 गुर्गे?

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read