Nitish Kumar Oath: बिहार की राजनीति में आज का दिन ऐतिहासिक रहा. नीतीश कुमार ने रिकॉर्ड 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. पटना के गांधी मैदान में हुए इस भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे. मंच पर NDA का पूरा दमखम दिखा और माहौल बेहद उत्साहपूर्ण रहा.
26 मंत्रियों ने ली शपथ
डिप्टी सीएम के रूप में सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने शपथ ली. इसके अलावा कुल 26 मंत्रियों ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ली. इनमें 14 बीजेपी कोटे से, 8 जदयू से, लोजपा (R) से 2, हम से 1 और कुशवाहा की पार्टी से 1 मंत्री शामिल किए गए हैं. खास बात यह रही कि जदयू ने जमा खान को फिर से मंत्री बनाकर कैबिनेट में मुस्लिम चेहरा बरकरार रखा है.
नीतीश की नई कैबिनेट
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा के अलावा विजय चौधरी, विजेंद्र यादव, श्रवण कुमार, मंगल पांडे, दिलीप जायसवाल, अशोक चौधरी, लेशी सिंह, मदन साहनी, नितिन नवीन, राम कृपाल, संतोष सुमन, सुनील कुमार, जमा खान, संजय सिंह टाइगर, अरुण शंकर, सुरेंद्र मेहता, नारायण प्रसाद, रामा निषाद, लखेंद्र कुमार रौशन, श्रेयसी सिंह, प्रमोद कुमार, संजय कुमार, संजय कुमार सिंह और दीपक प्रकाश मंत्री बने हैं.
मंत्री बनने वालों में जीतन राम मांझी के बेटे संतोष सुमन और उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश भी शामिल हैं. संतोष पिछली सरकार में मंत्री रह चुके हैं जबकि दीपक पहली बार कैबिनेट में पहुंचे हैं.
गमछा हिलाकर अभिवादन
शपथ के बाद पीएम मोदी ने मंच से गमछा हिलाकर लोगों का अभिवादन किया. इस समारोह में हरियाणा, असम, गुजरात, मेघालय, यूपी, नगालैंड, ओडिशा, दिल्ली और राजस्थान के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहे. मंच पर चिराग पासवान ने मांझी और जेपी नड्डा के पैर छूकर आशीर्वाद लिया.

नए चेहरों को मिला मौका
नीतीश कैबिनेट में इस बार 13 नए चेहरों को जगह दी गई है. इनमें रामकृपाल यादव और श्रेयसी सिंह जैसे नाम शामिल हैं. चिराग पासवान की पार्टी से भी दो विधायकों को मंत्री बनाया गया है. इनमें संजय सिंह भी हैं, जिन्होंने महुआ सीट से लालू यादव के बेटे तेजप्रताप को हराया था.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




