Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

सीएम बनने के बाद पहली बार पीएम मोदी से मिले सम्राट चौधरी, ‘समृद्ध बिहार’ पर हुई चर्चा

बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के कुछ दिनों बाद सम्राट चौधरी ने मंगलवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात की. सीएम बनने के बाद पहली बार सम्राट चौधरी राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे और प्रधानमंत्री से मुलाकात की है.

बिहार की नई सरकार बनने के बाद सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं. मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के कुछ ही दिनों बाद सम्राट चौधरी आज (मंगलवार) को दिल्ली पहुंचे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात की. यह मुलाकात न सिर्फ औपचारिक थी, बल्कि इसके पीछे कई अहम राजनीतिक संकेत भी देखे जा रहे हैं.

मुख्यमंत्री बनने के बाद यह सम्राट चौधरी की पहली दिल्ली यात्रा थी. प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच बिहार के विकास और “समृद्ध बिहार” के विज़न पर विस्तार से बातचीत हुई. प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से इस मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की गई. साथ ही, मुलाकात की तस्वीरें भी सार्वजनिक की गईं, जिनमें दोनों नेताओं को बातचीत करते देखा जा सकता है.

सम्राट चौधरी ने भी मुलाकात के बाद अपनी प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर साझा की. उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उन्हें “विकसित भारत और समृद्ध बिहार” के विज़न को लेकर मार्गदर्शन मिला है. उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री का सहयोग और स्नेह बिहार के विकास को नई दिशा और गति देने में मदद करेगा.

दिल्ली में लगेगी मुहर?

सूत्रों के अनुसार, इस दिल्ली दौरे के दौरान एक और अहम मुद्दा बिहार के संभावित मंत्रिमंडल विस्तार का भी रहा है. चर्चा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कोटे से मंत्रियों के नामों पर जल्द ही अंतिम फैसला लिया जा सकता है. फिलहाल राज्य सरकार का मंत्रिमंडल पूरी तरह से गठित नहीं हो पाया है, जिससे प्रशासनिक कामकाज पर असर पड़ने की आशंका भी जताई जा रही है.

गौरतलब है कि अभी तक मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ सिर्फ दो उपमुख्यमंत्री ही शपथ ले पाए हैं. जनता दल (यूनाइटेड) की ओर से बिजेंद्र प्रसाद यादव और विजय चौधरी को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है, जबकि भाजपा के हिस्से से अभी किसी विधायक को मंत्री पद नहीं मिला है.

बिहार में कुल 33 मंत्रियों का प्रावधान है, लेकिन फिलहाल सरकार अधूरी कैबिनेट के साथ काम कर रही है. यही वजह है कि सरकार पर जल्द से जल्द मंत्रिमंडल विस्तार का दबाव बढ़ रहा है, ताकि विकास योजनाओं और प्रशासनिक फैसलों को तेजी से आगे बढ़ाया जा सके.

इसी बीच 24 अप्रैल को बिहार विधानसभा का विशेष सत्र भी बुलाया गया है. इस सत्र में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपनी सरकार का विश्वास मत पेश करेंगे और सदन में बहुमत साबित करने की कोशिश करेंगे.

ये भी पढ़ें: कांग्रेस का राष्ट्रव्यापी ‘काउंटर अटैक’: महिला आरक्षण मुद्दे पर 29 शहरों में आज प्रेस कॉन्फ्रेंस

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital