Watermelon art Samrat Choudhary: भागलपुर/अंजनी कुमार कश्यप: बिहार की राजनीति में करीब दो दशक पुराने ‘नीतीश युग’ का अंत और भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी की ताजपोशी किसी ऐतिहासिक घटना से कम नहीं है. सूबे में जहां एक ओर ‘कमल युग’ की शुरुआत को लेकर सियासी गलियारों में जश्न का माहौल है, वहीं इस बदलाव का असर अब कला की दुनिया में भी बेहद शानदार तरीके से दिखाई दे रहा है. मुंगेर-भागलपुर क्षेत्र से आई एक खास तस्वीर ने पूरे देश का ध्यान खींच लिया है. कलाकार ने अपनी रचनात्मकता से एक साधारण से तरबूज को सियासत का ‘कैनवास’ बना दिया है.
10 घंटे की बारीक नक्काशी (Samrat Choudhary Yug in Bihar)
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त सैंड आर्टिस्ट (रेत कलाकार) मधुरेंद्र कुमार ने नई सरकार को बधाई देने के लिए एक बेहद अनोखा माध्यम चुना. मधुरेंद्र ने 6 किलो 800 ग्राम के एक बड़े तरबूज पर अपनी छेनी-हथौड़ी (कार्विंग टूल्स) से लगातार 10 घंटे तक बेहद बारीक और जटिल नक्काशी की.
इस कड़ी मेहनत के बाद उन्होंने तरबूज के हरे छिलके और लाल गूदे के बीच सामंजस्य बिठाते हुए सूबे के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की एक जीवंत तस्वीर उकेर दी. इस कलाकृति में सिर्फ सीएम का चेहरा ही नहीं, बल्कि ‘उदय होते कमल’ (BJP का चुनाव चिह्न) को भी बेहद खूबसूरती से दर्शाया गया है, जो बिहार में हुए सत्ता परिवर्तन का एक सीधा प्रतीकात्मक संदेश देता है.
तरबूज पर लिखा- ‘बधाई हो सम्राट’ (Bdhai Ho Samrat Choudhary)
मधुरेंद्र की इस कला को जो चीज सबसे ज्यादा खास बनाती है, वह है तरबूज पर उकेरा गया संदेश “बधाई हो सम्राट”. अपनी इस अद्भुत रचना के बारे में बात करते हुए मधुरेंद्र कुमार ने बताया, “मैं हमेशा अपनी कला के जरिए कुछ नया करने की कोशिश करता हूं. इस बार मैंने सोचा कि एक बिल्कुल अलग माध्यम पर कला के जरिए नए मुख्यमंत्री को बधाई दी जाए.”
ये भी पढ़ें: बिहार में सत्ता का ‘पावर-प्ले’: ‘सुपर सीएम’ की भूमिका में सम्राट चौधरी, क्या है विभाग बंटवारे की रणनीति?
वायरल हुआ ‘सम्राट युग’ का तरबूज
इससे पहले मधुरेंद्र कुमार रेत, पत्तों और मिट्टी पर अपनी कला का बेजोड़ प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन तरबूज पर इस तरह की गहरी राजनीतिक और प्रतीकात्मक कलाकृति पहली बार देखने को मिली है. जैसे ही इस तरबूज कलाकृति के क्लोजअप और मधुरेंद्र के काम करते हुए वीडियो सामने आए, सोशल मीडिया पर ये तेजी से वायरल हो गए. इंस्टाग्राम रील्स से लेकर एक्स (X) तक, लोग इस 10 घंटे की मेहनत की जमकर तारीफ कर रहे हैं.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



