Bharat Express DD Free Dish

बिहार चुनाव से पहले दिल्ली बना सियासत का केंद्र, सीट बंटवारे पर नेताओं की माथापच्ची जारी

Bihar Election: विधानसभा चुनाव 2025 से पहले दिल्ली में राजनीतिक दलों की बैठकों का सिलसिला तेज हो गया है. एनडीए और महागठबंधन के नेता सीट बंटवारे को लेकर रणनीति बना रहे हैं लेकिन अब तक कोई फॉर्मूला तय नहीं हो पाया है.

Bihar Election

Bihar Election: विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और सियासी पारा लगातार चढ़ता जा रहा है. इस बार दिलचस्प बात ये है कि बिहार की राजनीति पूरी तरह दिल्ली शिफ्ट हो चुकी है. तमाम बड़े नेता चाहे वो एनडीए के हों या महागठबंधन के दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं. राजधानी में बैठकों का दौर जारी है लेकिन सीट शेयरिंग का फॉर्मूला अब तक तय नहीं हो पाया है.

कौन-कौन दिल्ली में मौजूद?

बीजेपी, लोजपा, हम पार्टी और आरएलएम के नेता दिल्ली में मौजूद हैं. चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा जैसे नेता ज्यादा से ज्यादा सीटें पाने की कोशिश में जुटे हैं. वहीं कांग्रेस और राजद के नेता भी दिल्ली में हैं और महागठबंधन की रणनीति पर मंथन कर रहे हैं.

नड्डा के आवास पर बैठक

बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर एक अहम बैठक हुई जिसमें जीतन राम मांझी और गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल हुए. खबर है कि मांझी 10 सीटों की मांग पर अड़े हैं जबकि बीजेपी उन्हें सिर्फ 7 सीटें देना चाहती है. इस मुद्दे पर लंबी बातचीत हुई लेकिन कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ.

महागठबंधन में कई दौर की बैठक

महागठबंधन की बात करें तो पटना में कई दौर की बैठकें हो चुकी हैं लेकिन सीटों का बंटवारा तय नहीं हो पाया है. अब लालू यादव और तेजस्वी यादव दिल्ली पहुंच रहे हैं जहां वे कांग्रेस आलाकमान से मुलाकात करेंगे. माना जा रहा है कि इसी बैठक में सीटों को लेकर अंतिम फैसला लिया जाएगा.

NDA में घटक दलों से बातचीत

एनडीए में भी घटक दलों के साथ लगातार बातचीत चल रही है. सभी दल अपनी-अपनी सीटों की दावेदारी कर रहे हैं, जिससे मामला उलझा हुआ है. उम्मीद की जा रही है कि अगले 1-2 दिनों में सीटों का ऐलान हो सकता है.

इसे भी पढ़ें-Bihar Election 2025: ‘बिना बुलाए मेरे लिए भीड़ उमड़ रही है’, तेज प्रताप सोमवार को करेंगे अपनी पार्टी के लिए सीटों का बड़ा ऐलान

जनसुराज ने किया प्रत्याशियों का ऐलान

फिलहाल जन सुराज पार्टी ही ऐसी पार्टी है जिसने अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है. बाकी दलों में अभी भी रणनीति तय करने की कवायद जारी है. ऐसे में बिहार की सियासत की सारी नजरें दिल्ली पर टिकी हैं, जहां अगला चुनावी समीकरण तय होने वाला है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read