Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

‘योगी नहीं तो यूपी नहीं…’ अचानक योगी-योगी करने लगे संजय राउत, अब क्या करेंगे अखिलेश यादव?

Sanjay Raut On Yogi: शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए उन्हें हिंदुत्व का सबसे बड़ा चेहरा बताया. उन्होंने कहा, ‘योगी नहीं तो यूपी नहीं.’ उनका बयान 2027 के यूपी चुनाव से पहले सीएम चेहरे को लेकर चल रही चर्चा के बीच आया है.

sanjay-raut-praises-yogi-adityanath-up-cm-face

संजय राउत ने की योगी की तारीफ.

Sanjay Raut On Yogi: उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर बहस तेज हो गई है. बीजेपी के अंदर से उठ रहे सवालों के बीच अब विपक्षी खेमे के एक बड़े नेता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की खुलकर तारीफ कर दी है. शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने योगी को सक्षम नेता बताते हुए हिंदुत्व का सबसे बड़ा चेहरा करार दिया. उन्होंने यहां तक कह दिया कि ‘अगर योगी नहीं तो यूपी भी नहीं.’

संजय राउत का यह बयान इसलिए चर्चा में है, क्योंकि उनकी पार्टी उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) विपक्षी INDIA गठबंधन का हिस्सा है. राउत अक्सर बीजेपी पर हमला बोलते रहे हैं. लेकिन इस बार उन्होंने योगी आदित्यनाथ की तारीफ में कोई संकोच नहीं किया. सवाल है कि आखिर उन्होंने अचानक योगी के समर्थन में ऐसा बयान क्यों दिया?

क्या कहा संजय राउत ने?

मीडिया से बातचीत के दौरान संजय राउत ने कहा कि अगर योगी आदित्यनाथ ने खुद को मुख्यमंत्री पद के चेहरे के तौर पर पेश किया है, तो यह तारीफ के काबिल है. उन्होंने योगी को सक्षम व्यक्ति बताया और कहा कि वह भी उन्हें पसंद करते हैं.

राउत ने कहा,

योगी जी हिंदुत्व का एक ऐसा चेहरा हैं, जो सबसे ऊपर हैं. अगर योगी नहीं तो यूपी भी नहीं.

उन्होंने आगे कहा कि योगी को भरोसा है कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में बहुमत हासिल करेगी और जीतकर आने वाले ज्यादातर विधायक उनका समर्थन करेंगे. राउत के मुताबिक, आखिरकार विधायक दल ही अपने नेता को मुख्यमंत्री चुनता है. इसलिए योगी को यह विश्वास है कि चुनाव के बाद भी उनके समर्थन वाले विधायक बड़ी संख्या में होंगे.

बीजेपी में सीएम चेहरे को लेकर क्यों हो रही चर्चा?

संजय राउत के बयान को समझने के लिए बीजेपी के अंदर मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर चल रही बयानबाजी पर भी नजर डालनी होगी. हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जब सीएम चेहरे को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि पार्टी में कौन चेहरा है और कौन नहीं, यह सभी जानते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव कमल के निशान पर ही लड़ा जाएगा.

वहीं, उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बीजेपी का चुनावी चेहरा कमल है. चुनाव के बाद नवनिर्वाचित विधायक केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में अपने नेता का चुनाव करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री हैं और आगे कौन इस पद पर रहेगा, इसका फैसला चुनाव के बाद विधायक करेंगे.

इसी बयानबाजी के बीच संजय राउत ने योगी के समर्थन में टिप्पणी की. उन्होंने सीधे तौर पर मुख्यमंत्री चेहरे की बहस में योगी आदित्यनाथ के पक्ष को मजबूत बताया.

पहले भी योगी की तारीफ कर चुके हैं राउत

ऐसा नहीं है कि संजय राउत ने पहली बार योगी आदित्यनाथ की तारीफ की है. 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत के बाद भी उन्होंने कहा था कि लोकतंत्र में उन लोगों की तारीफ करनी चाहिए, जिन पर जनता भरोसा करती है. उस समय भी उन्होंने योगी आदित्यनाथ को अपना अच्छा दोस्त बताया था.

2027 से पहले यूपी में सियासी हलचल

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. बीजेपी लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की तैयारी कर रही है. वहीं समाजवादी पार्टी और कांग्रेस समेत विपक्षी दल भी अपनी रणनीति बनाने में जुटे हैं.

ये भी पढ़ें- न किसी खेमे का दबाव, न किसी की शर्त… 2026 में मोदी की कूटनीति से दुनिया में मजबूत हुई भारत की पहचान

ऐसे समय में संजय राउत का योगी आदित्यनाथ की तारीफ करना राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism