Smart Glasses for Drivers
Smart Glasses for Drivers: सड़क हादसों में कई बार एक छोटी सी लापरवाही किसी की जिंदगी छीन लेती है. खासकर लंबी दूरी तक गाड़ी चलाने वाले ड्राइवरों के लिए नींद की झपकी जानलेवा साबित हो सकती है. इस गंभीर समस्या का समाधान छत्तीसगढ़ के एक सातवीं कक्षा के छात्र ने खोजने की कोशिश की है. खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के ग्राम दपका स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में पढ़ने वाले डीगेन्द्र सिन्हा ने ऐसा स्मार्ट चश्मा तैयार किया है, जो चालक को नींद की झपकी आते ही अलर्ट कर देगा. खास बात यह है कि अगर अलार्म बजने के बाद भी चालक नहीं जागता, तो यह चश्मा उसके चेहरे पर पानी का फव्वारा छोड़ेगा. महज सातवीं कक्षा के छात्र की यह सोच और वैज्ञानिक समझ काबिल-ए-तारीफ है. उसके इस मॉडल को जिला स्तर पर पहला और संभाग स्तर पर दूसरा स्थान मिला है. अब इसका चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है.
एक हादसे ने डीगेन्द्र को कुछ नया करने की दी प्रेरणा
डीगेन्द्र के इस आविष्कार के पीछे एक ऐसी घटना है, जिसने उसके बाल मन पर गहरी छाप छोड़ी. दरअसल, एक बार वह अपने परिजनों के साथ नानी के गांव जा रहा था. रास्ते में उसकी नजर एक ट्रक चालक पर पड़ी, जिसे गाड़ी चलाते समय बार-बार नींद की झपकी आ रही थी. चालक नींद भगाने के लिए बार-बार पानी से अपना चेहरा धो रहा था. कुछ समय बाद डीगेन्द्र को जानकारी मिली कि वही ट्रक हादसे का शिकार हो गया है. इस घटना ने उसे भीतर तक झकझोर दिया. उसने सोचा कि अगर कोई ऐसा उपकरण हो, जो चालक को नींद आने पर जगा सके, तो कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं. इसी सोच के साथ उसने स्मार्ट चश्मा बनाने का फैसला किया.
झपकी आते ही बजेगा बजर, फिर चेहरे पर पड़ेगा पानी
अपने विज्ञान शिक्षक अजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में डीगेन्द्र ने इस स्मार्ट चश्मे का मॉडल तैयार किया. इसमें सेंसर लगाए गए हैं, जो चालक की आंखों की गतिविधियों पर नजर रखते हैं. जैसे ही चालक को झपकी आती है, चश्मे में लगा बजर तीन बार अलर्ट देता है. अगर इसके बाद भी चालक सतर्क नहीं होता, तो इसमें लगी व्यवस्था उसके चेहरे पर पानी का फव्वारा छोड़ती है, जिससे उसकी नींद टूट सके. इस तरह छात्र ने एक ऐसी समस्या पर तकनीक आधारित समाधान तैयार किया है, जो सड़क सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है.
शिक्षक के मार्गदर्शन ने आइडिया को बनाया खास
विज्ञान शिक्षक अजय सिंह राजपूत ने बताया कि बच्चों को लोगों की सुरक्षा से जुड़े वैज्ञानिक मॉडल तैयार करने के लिए प्रेरित किया जाता है. उन्हें गैस लीकेज और हेलमेट नहीं पहनने जैसी समस्याओं पर आधारित मॉडल बनाने के उदाहरण दिए गए थे. इसी दौरान डीगेन्द्र अपना यह आइडिया लेकर आया. शिक्षक ने सेंसर और तकनीकी बदलावों के बारे में उसका मार्गदर्शन किया. उन्होंने बताया कि मॉडल को और बेहतर बनाने के लिए उस पर काम जारी है. स्कूल के अन्य विद्यार्थियों ने भी हेलमेट नहीं पहनने पर अलार्म बजाने वाला मॉडल तैयार किया है.
जिला स्तर पर पहला, संभाग में दूसरा स्थान
डीगेन्द्र के इस नवाचार को दुर्ग में आयोजित जोन स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया गया, जहां इसे संभाग स्तर पर दूसरा स्थान मिला. इससे पहले जिला स्तर पर भी यह मॉडल पहला स्थान हासिल कर चुका है. अब इसका चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है. जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन ने भी छात्र के प्रयास की सराहना करते हुए उसे बधाई दी. उन्होंने कहा कि यह मॉडल सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में कारगर साबित हो सकता है और कई लोगों की जान बचाने में मददगार बन सकता है.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



