Bharat Express DD Free Dish

खेल में नाम, बिहार में इनाम! क्रिकेटर मुकेश कुमार और आकाश दीप बनेंगे डीएसपी, सम्राट चौधरी सौंपेंगे नियुक्ति पत्र

बिहार सरकार की ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत राज्य के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में नियुक्ति देने और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए 24 जुलाई को ऊर्जा ऑडिटोरियम, पटना में विशेष समारोह आयोजित किया जाएगा.

बिहार में खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य सरकार एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है. 24 जुलाई को पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले विशेष समारोह में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र, छात्रवृत्ति और सम्मान राशि दी जाएगी. इस कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप और मुकेश कुमार होंगे, जिन्हें पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के पद पर नियुक्त किया जाएगा.

इस समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे. उनके साथ उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव और खेल मंत्री श्रेयसी सिंह भी मौजूद रहेंगी. कार्यक्रम का उद्देश्य सिर्फ नौकरी देना नहीं, बल्कि उन खिलाड़ियों का सम्मान करना भी है जिन्होंने अपने प्रदर्शन से बिहार का नाम देश और दुनिया में रोशन किया है.

इस साल 19 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण के मुताबिक, इस वर्ष कुल 19 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को विभिन्न सरकारी विभागों में नियुक्ति दी जाएगी. इनमें आकाश दीप और मुकेश कुमार को डीएसपी बनाया जाएगा, जबकि एथलीट पियूष राज को पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) के पद की जिम्मेदारी मिलेगी. इसके अलावा पांच पैरा खिलाड़ियों समेत अलग-अलग खेलों से जुड़े कई अन्य खिलाड़ियों को भी सरकारी सेवा का अवसर मिलेगा.

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार लगातार ऐसी नीतियों पर काम कर रही है, जिससे खिलाड़ियों को अपने भविष्य की चिंता किए बिना खेल में बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिल सके. इसी सोच के तहत पिछले दो वर्षों में 180 खिलाड़ियों को अलग-अलग सरकारी विभागों में नौकरी दी जा चुकी है.

शानदार प्रदर्शन करने वालों को मिलेगी लाखों की पुरस्कार राशि

समारोह के दौरान कई खिलाड़ियों को उनके अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन के लिए नकद सम्मान भी दिया जाएगा. एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में स्वर्ण और रजत पदक जीतने वाले तथा एथलेटिक्स में अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक जीतने वाले बिहार के पहले खिलाड़ी बने सेतु मिश्रा को 37.50 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी.

वहीं, इसी प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले विभास्कर कुमार को दो लाख रुपय दिया जाएगा. दूसरी ओर, कॉमनवेल्थ यूथ शतरंज चैंपियनशिप-2026 की ब्लिट्ज स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाली महरयम फातिमा को नौ लाख रुपये की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा.

637 खिलाड़ियों को मिलेगी छात्रवृत्ति का लाभ

सरकार केवल नौकरी और पुरस्कार तक ही सीमित नहीं है. बिहार खेल छात्रवृत्ति योजना-2026 के तहत इस बार कुल 637 खिलाड़ियों को चयन पत्र भी दिए जाएंगे. इनमें उत्कर्ष योजना के 21, सक्षम योजना के 184 और प्रेरणा योजना के 432 खिलाड़ी शामिल हैं.

खास बात यह है कि प्रेरणा योजना में शामिल 432 खिलाड़ियों में से 269 खिलाड़ियों का चयन राज्यव्यापी ‘मशाल प्रतिभा खोज कार्यक्रम’ के माध्यम से किया गया है. इसका उद्देश्य गांव और छोटे शहरों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने का मौका देना है.

प्रशिक्षण से लेकर पोषण तक मिलेगी आर्थिक मदद

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के अनुसार, छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत खिलाड़ियों को सिर्फ आर्थिक सहायता ही नहीं, बल्कि बेहतर प्रशिक्षण, पौष्टिक आहार, खेल सामग्री, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी तथा खेल विज्ञान से जुड़ी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं. इन योजनाओं के अंतर्गत खिलाड़ियों को हर साल तीन लाख रुपये से लेकर 20 लाख रुपये तक की सहायता दी जाती है.

राज्य सरकार का मानना है कि यदि खिलाड़ियों को सही समय पर आर्थिक सहयोग, सुरक्षित भविष्य और बेहतर सुविधाएं मिलें, तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं. यही वजह है कि बिहार अब खेलों के क्षेत्र में प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए नौकरी, छात्रवृत्ति और सम्मान जैसी योजनाओं पर लगातार जोर दे रहा है.

यह भी पढ़ें- Shraddha Murder Case: आफताब ने कोर्ट से मांगी थी खास इजाजत, साकेत कोर्ट ने अर्जी खारिज कर दिया झटका

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read