बिहार के मखाना की स्वाद और पौष्टिकता का डंका अब सात समुंदर पार भी बजने लगा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 139वें एपिसोड में यूरोपीय देश ग्रीस तक बिहार के मखाना की बढ़ती पहुंच का विशेष रूप से उल्लेख किया. पीएम मोदी द्वारा अंतरराष्ट्रीय मंच पर राज्य के इस पारंपरिक उत्पाद की सराहना किए जाने पर सीएम सम्राट चौधरी और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रधानमंत्री का सहृदय आभार व्यक्त किया है.
‘वोकल फॉर लोकल’ से किसानों को मिला नया बाजार
लोक सेवक आवास पर ‘मन की बात’ सुनने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार का मखाना आज वैश्विक बाजार में अपनी अलग और मजबूत पहचान बना रहा है. यह हमारे राज्य के मेहनतकश किसानों और युवा उद्यमियों के समर्पण का ही नतीजा है.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के विजन ने स्वदेशी उत्पादों, बेहतर पैकेजिंग और ब्रांडिंग को नई दिशा दी है. इससे स्थानीय उत्पादकों को अपनी गुणवत्ता के दम पर दुनिया के बड़े-बड़े बाजारों तक पहुंचने का बेहतरीन मौका मिल रहा है, जो राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए बहुत शुभ संकेत है.
सीमांचल का मखाना बना मिसाल
बीजेपी प्रदेश कार्यालय में कार्यक्रम सुनने के बाद प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि पूर्णिया और सीमांचल क्षेत्र में पैदा होने वाला मखाना अपनी बेमिसाल गुणवत्ता के चलते ग्रीस जैसे देशों में पसंद किया जा रहा है. सरावगी ने कहा कि इससे किसानों की आय बढ़ेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे.
इसके साथ ही, उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने आने वाले महापर्व छठ और दीपावली के मौके पर स्वच्छता बनाए रखने का भी संदेश दिया है. छठ आस्था और प्रकृति की पूजा का पावन पर्व है, इसलिए घाटों और नदियों की साफ-सफाई रखना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है.
यह भी पढ़ें: पीएम मोदी ने याद किए भाई परमानंद के बलिदान, बोले- स्वतंत्रता सेनानी ने वीर भगत सिंह को भी पढ़ाया
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



