Bharat Express DD Free Dish

Bihar News: नीतीश सरकार का बड़ा फैसला, विकास मित्रों को मिलेगा टैबलेट, शिक्षा सेवकों को स्मार्टफोन के लिए मदद

Bihar News: राज्य सरकार ने समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए एक अहम कदम उठाया है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बड़ा ऐलान किया है.

Nitish Kumar

Bihar News: राज्य सरकार ने समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए एक अहम कदम उठाया है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जानकारी दी है कि बिहार महादलित विकास मिशन के तहत काम कर रहे विकास मित्रों और शिक्षा सेवकों को अब डिजिटल संसाधनों से लैस किया जाएगा और उनके भत्तों में भी बढ़ोतरी की जाएगी.

सीएम का एक्स पोस्ट

सीएम नीतीश कुमार ने एक्स पर लिखा कि न्याय के साथ विकास के सिद्धांत पर चलते हुए सरकार अनुसूचित जाति, जनजाति, महादलित, दलित, अल्पसंख्यक और अति पिछड़ा वर्ग तक कल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने में जुटी है. विकास मित्रों की इसमें अहम भूमिका है.

अब हर विकास मित्र को टैबलेट खरीदने के लिए एकमुश्त 25,000 रुपये की राशि दी जाएगी. इससे उन्हें योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों का डेटा रखने और अन्य कामों में आसानी होगी. इसके अलावा उनका परिवहन भत्ता 1,900 रुपये से बढ़ाकर 2,500 रुपये प्रति माह और स्टेशनरी भत्ता 900 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये प्रति माह कर दिया गया है. इससे उन्हें फील्ड में काम करने और दस्तावेजों को संभालने में मदद मिलेगी.

शिक्षा सेवकों को भी राहत

शिक्षा सेवकों को भी राहत दी गई है. अक्षर आंचल योजना के तहत महिलाओं को साक्षर बनाने और बच्चों को पढ़ाने वाले शिक्षा सेवकों को स्मार्टफोन खरीदने के लिए 10,000 रुपये की सहायता दी जाएगी. साथ ही शिक्षण सामग्री के लिए मिलने वाली राशि को 3,405 रुपये से बढ़ाकर 6,000 रुपये प्रति केंद्र प्रतिवर्ष कर दिया गया है.

इसे भी पढ़ें-कर्नाटक में वोटर लिस्ट घोटाले की जांच के लिए एसआईटी गठित, आलंद में 6,670 नाम हटाने का आरोप

सरकार का मानना है कि इन फैसलों से विकास मित्रों और शिक्षा सेवकों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और वे वंचित वर्गों तक योजनाओं का लाभ बेहतर तरीके से पहुंचा सकेंगे.

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read