AI के मदद से बनाई गई तस्वीर
Bihar Rajya Sabha election 2026: आज (16 मार्च) का दिन बिहार की राजनीति में अहम दिन के रूप में देखा जा रहा है. सोमवार को बिहार की पांच राज्यसभा सीटों के लिए मतदान होगा, जिसके चलते राज्य में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है और बैठकों का दौर भी शुरू हो गया है.
बता दें कि राज्यसभा चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. वोटिंग बिहार सरकार द्वार बनाए गए मतदान केंद्र पर होगी, जहां सभी विधायक अपने मताधिकार का प्रयोग कर पांच राज्यसभा सांसद चुनकर दिल्ली भेजेंगे.
कब शुरू होगी वोटिंग
चुनाव के कार्यक्रम के मुताबिक, वोटिंग सुबह 9 बजे से शुरू होगी और पूरे दिन मतदान के बाद 5 बजे मतदान समाप्त होगा. वोटिंग खत्म होने के साथ ही उसी दिन (16 मार्च) को परिणाम की भी घोषणा कर दी जाएगी.
CM नीतीश समेत 6 उम्मीदवार मैदान में (Nitish Kumar Rajya Sabha)
इस बार बिहार की पांच राज्यसभा सीटों के लिए कुल छह उम्मीदवार मैदान में हैं. भारतीय जनता पार्टी ने नितिन नवीन और शिवेश कुमार को उम्मीदवार बनाया है. वहीं, जनता दल (यूनाइटेड) की तरफ से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और रामनाथ ठाकुर चुनाव लड़ रहे हैं. इसके अलावा राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा एनडीए समर्थित उम्मीदवार हैं. वहीं राष्ट्रीय जनता दल ने महागठबंधन की ओर से एडी सिंह को मैदान में उतारा है.
वोटिंग से पहले एनडीए की बैठक
राज्यसभा चुनाव की वोटिंग से ठीक पहले रविवार (15 मार्च) को एनडीए विधायकों की अहम बैठक हुई. यह बैठक जदयू कोटे से नीतीश सरकार में मंत्री विजय कुमार चौधरी के आवास पर आयोजित की गई, जिसमें एनडीए के सभी बड़े नेता मौजूद रहे.
बैठक में एनडीए के सभी घटक दलों के विधायक भी शामिल हुए. विधानमंडल दल की इस बैठक में सोमवार को होने वाली राज्यसभा चुनाव की वोटिंग को लेकर रणनीति बनाई गई. जानकारी के मुताबिक, एनडीए की ओर से पिछले चार दिनों से विधायकों को अलग-अलग समूहों में बांटकर वोटिंग की प्रक्रिया की ट्रेनिंग भी दी जा रही है. वहीं बैठक में शामिल नेताओं ने दावा किया कि एनडीए राज्यसभा की सभी पांचों सीटों पर जीत हासिल करेगी.
1 सीट पर फंसा पेंच
243 सदस्यीय बिहार विधानसभा में पांच राज्यसभा सीटों की गणित लगाया जाए तो एक सीट जीतने के लिए 41 विधायकों के वोट की आवश्यकता है. इस हिसाब से NDA के पास कुल 202 विधायकों का संख्या बल है. इससे यह साफ है कि पांच में चार सीट तो NDA के पास हैं, लेकिन एक सीट के लिए पेच फंसा हुआ दिख रहा है. यानी अगर पांचवीं सीट के लिए NDA जाती है तो उसके पास 38 वोट हैं, जो कि सीट पाने के लिए 3 वोट से कम है.
वहीं, दूसरी तरफ बिहार में महागठबंधन के पास कुल 35 विधायक है और राष्ट्रीय जनता दल की ओर से उम्मीदवार एडी सिंह का भी मामला फंसा हुआ नजर आ रहा है. हालांकि कल नतीजो के साथ एक सीट पर फंसा पेंच भी साफ हो जाएगा.
ये भी पढ़ें: Elections 2026: 20 दिन में 17.4 करोड़ वोटर चुनेंगे 824 एमएलए, जानें इस बार क्यों अलग है 5 राज्यों का विधानसभा चुनाव
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

