मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
Bihar Vidhan Sabha Election 2025: बिहार में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं. चुनावी समीकरण को अपने पक्ष में बैठाने के लिए सत्ता पक्ष और विपक्ष के चुनावी रणनीतिकार राजनीतिक बिसात बिछाना शुरू कर चुके हैं. इसी बीच एनडीए ने अपने सीएम पद का उम्मीदवार तय कर लिया है. दरअसल बीजेपी के दफ्तर में पीएम मोदी के साथ नीतीश कुमार का पोस्टर लगाया गया है. इस पोस्टर के मार्फत बीजेपी ने यह संकेत दे दी है कि आगामी विधानसभा चुनाव में भी एनडीए, सीएम नीतीश कुमार के चेहरे पर ही उतरेगी.
दरअसल विपक्ष के द्वारा काफी समय से यह आरोप लगाया जा रहा था कि बीजेपी नीतीश कुमार को किनारे लगा रही है. समय-समय पर आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव भी बीजेपी पर नीतीश कुमार के राजनीतिक जीवन को खत्म करने के आरोप लगाते रहे हैं. इसी को देखते हुए विधानसभा चुनाव 2025 से पहले बीजेपी ने बड़ा कदम उठाया है. अपने दफ्तर में बीजेपी ने पीएम मोदी के साथ सीएम नीतीश कुमार का पोस्टर लगाकर राजनीतिक एकजुटता का संदेश दिया है.
बीजेपी कार्यालय में पीएम के साथ सीएम नीतीश को मिली जगह
बीजेपी के प्रदेश कार्यालय में लगाए गए बैनर में पीएम मोदी के पीछे सीएम नीतीश कुमार को जगह दी गई है. बैनर में ‘सोच दमदार, काम असरदार, फिर एक बार एनडीए सरकार’ नारे लिखे गए हैं. इन पोस्टरों के बाहर आने से सूबे में सियासी चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
ये भी पढ़ें- आखिर देवेंद्र फडणवीस और एकनाथ शिंदे से माफी की फरमाइश क्यों कर रहे हैं संजय राउत?
जदयू कार्यालय में पहले ही लगा था पोस्टर
बता दें कि, 1 जुलाई को जदयू कार्यालय में एक पोस्टर देखा गया. जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिखाया गया था. जिसके बाद से ये कयास लगाए जा रहे थे कि बीजेपी भी ऐसा कुछ कर सकती है. हालांकि एनडीए के अन्य दल भी नीतीश कुमार के पोस्टर अपने-अपने दफ्तर में लगाएंगे ये बड़ा सवाल है.
बिहार एनडीए में ये दल हैं शामिल
बिहार एनडीए में बीजेपी और नीतीश कुमार की पार्टी जदयू मुख्य भूमिका में हैं. वहीं लोजपा (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा भी एनडीए के घटक दल का हिस्सा हैं. लोकसभा चुनाव 2025 में जहां जदयू ने 17, बीजेपी ने 16, लोजपा ने 5 तो हम और आरएलएम ने 1-1 सीटें जीती थी. माना जा रहा है कि इसी आधार पर विधानसभा चुनाव में सीटों का बंटवारा हो सकता है.
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




