Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

भाजपा 20 अप्रैल से 5 मई तक चलाएगी ‘वक्फ सुधार जागरूकता अभियान’, मुस्लिम समाज तक पहुंचने की बड़ी कोशिश

भाजपा 20 अप्रैल से 5 मई तक ‘वक्फ सुधार जागरूकता अभियान’ चलाएगी. इसका मकसद मुस्लिम समाज को वक्फ कानून में हुए बदलावों के बारे में सच्चाई बताना.

BJP Waqf Reforms Campaign

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने देशभर में ‘वक्फ सुधार जागरूकता अभियान’ शुरू करने का ऐलान किया है. यह अभियान 20 अप्रैल से 5 मई तक चलेगा. इसका उद्देश्य वक्फ कानून में हुए बदलावों को लेकर कांग्रेस और उसके सहयोगियों द्वारा फैलाए गए भ्रम को दूर करना और मुस्लिम समाज को इन सुधारों के लाभ के बारे में जानकारी देना है.

इस अभियान की शुरुआत दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में एक कार्यशाला के साथ हुई, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हिस्सा लिया. उन्होंने बताया कि वक्फ संपत्तियों का सही इस्तेमाल अब समाज के गरीब और जरूरतमंद मुसलमानों की शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी जरूरतों में होगा.

जेपी नड्डा और किरेन रिजिजू भी हुए शामिल

जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने और मुस्लिम समाज को वक्फ विधेयक को लेकर गुमराह करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर मुस्लिम भाइयों-बहनों को सच्चाई बताएंगे और कानून के असली उद्देश्य से अवगत कराएंगे.

इस कार्यशाला में केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू भी शामिल हुए. उन्होंने वक्फ सुधारों की बारीकियों को विस्तार से समझाया. भाजपा ने इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में हर राज्य से तीन-चार नेताओं को बुलाया था, जिनमें राज्य के अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष भी शामिल थे. अब ये नेता अपने-अपने राज्यों में इसी तरह की कार्यशालाएं आयोजित करेंगे और जिला स्तर के नेताओं को प्रशिक्षित करेंगे.

मुस्लिम समाज तक पहुंचने की रणनीति

भाजपा इस अभियान को आगामी विधानसभा चुनावों से पहले मुस्लिम समुदाय के बीच अपनी पहुंच मजबूत करने की रणनीति के तौर पर भी देख रही है. पार्टी का मानना है कि सही जानकारी देकर विपक्ष के झूठे प्रचार का जवाब दिया जा सकता है और मुस्लिम मतदाताओं का विश्वास जीता जा सकता है.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हाल ही में वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2025 को मंजूरी दे दी है, जिसके बाद यह अब कानून बन चुका है. भाजपा का यह प्रयास है कि इस कानून की सच्चाई हर मुस्लिम नागरिक तक पहुंचे और समुदाय को यह समझाया जाए कि यह बदलाव उन्हें सशक्त करने और आगे बढ़ाने के लिए हैं.


ये भी पढ़ें- मुंबई 26/11 हमले के आरोपी तहव्वुर राणा से पल्ला झाड़ता पाकिस्तान, कहा- ‘उसकी कनाडाई नागरिकता स्पष्ट है’


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital