BJP President Election: भारतीय जनता पार्टी (BJP) इस महीने यानी मार्च में नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव करने के लिए तैयार है. पार्टी का यह चुनाव जनवरी में होना था, लेकिन दिल्ली विधानसभा चुनावों और कुछ राज्य इकाइयों में लंबित चुनावों के कारण इसे टाल दिया गया था.
राज्य इकाइयों के चुनाव जरूरी
बीजेपी के संविधान के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने से पहले कम से कम 50% राज्य इकाइयों में चुनाव होने जरूरी हैं. इसी कारण पार्टी ने राज्य स्तरीय चुनाव प्रक्रिया में तेजी लाई है. कुल 36 प्रदेशों और केंद्र शासित प्रदेशों में से 12 में चुनाव प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि 6 राज्यों में यह प्रक्रिया अभी जारी है.
10 दिनों के अंदर खत्म हो सकती है प्रक्रिया
सूत्रों के मुताबिक, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, कर्नाटक और हरियाणा सहित छह प्रमुख राज्यों में अध्यक्ष का चुनाव अगले सात से दस दिनों में पूरा होने की उम्मीद है. बिहार में मौजूदा अध्यक्ष को बनाए रखने की संभावना है, जबकि उत्तर प्रदेश में जिला अध्यक्षों के चुनाव तीन-चार दिनों में खत्म होने के बाद राज्य अध्यक्ष का चुनाव होगा. अनुमान है कि यूपी के अध्यक्ष का चुनाव 10 दिनों के भीतर हो जाएगा.
जेपी नड्डा का कार्यकाल और उपलब्धियां
जेपी नड्डा 17 जून 2019 को बीजेपी के कार्यवाहक राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किए गए थे और 20 जनवरी 2020 को उन्हें औपचारिक रूप से पार्टी का 11वां राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया. उनके नेतृत्व में पार्टी ने 35 राज्यों में चुनाव लड़ा, जिनमें से 16 में जीत हासिल की. लोकसभा चुनाव में भी नड्डा के नेतृत्व में पार्टी ने केंद्र में सत्ता बनाए रखी.
नए अध्यक्ष को लेकर कयास तेज
जेपी नड्डा का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, और अब नए अध्यक्ष के चुनाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. बीजेपी के भीतर नए नेतृत्व को लेकर कई नाम सामने आ सकते हैं, लेकिन अंतिम फैसला पार्टी की उच्च स्तरीय बैठक के बाद ही लिया जाएगा.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


