Naxal Surrender: छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी उपलब्धि मिली है. बुधवार को राज्य के विभिन्न जिलों में कुल 108 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया. इनमें बीजापुर से 37, नारायणपुर से 4, बस्तर से 16, कांकेर से 3, सुकमा से 18 और दंतेवाड़ा से 30 नक्सली शामिल हैं. इन सभी पर कुल 3.95 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था.
इनाम घोषित नक्सली
आत्मसमर्पण करने वालों में 22 नक्सली ऐसे थे जिन पर 8-8 लाख रुपये का इनाम था. इसके अलावा 31 नक्सलियों पर 5 लाख, एक पर 3 लाख, 9 पर 2-2 लाख और 43 नक्सलियों पर 1-1 लाख रुपये का इनाम घोषित था. इतनी बड़ी संख्या में नक्सलियों का आत्मसमर्पण अब तक की सबसे बड़ी घटनाओं में गिना जा रहा है.
नक्सल मुक्त भारत अभियान की अहम कड़ी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में चल रहे “नक्सल मुक्त भारत अभियान” के तहत यह आत्मसमर्पण एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है. सरकार ने 31 मार्च 2026 तक देश को नक्सलमुक्त बनाने का लक्ष्य रखा है. इस समयसीमा से पहले इतनी बड़ी तादात में नक्सलियों का आत्मसमर्पण मिशन की बड़ी सफलता है.
महासमुंद में भी आत्मसमर्पण
इससे पहले महासमुंद जिले में 15 माओवादी हथियारों के साथ आत्मसमर्पण कर चुके हैं. उन्होंने पुलिस को 3 एके-47 राइफल, 2 एसएलआर और 2 इंडियन स्मॉल आर्म्स सिस्टम राइफलें सौंपी थीं. इस समूह में नौ महिलाएं और छह पुरुष शामिल थे, जो ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा पर सक्रिय बलांगीर-बरगढ़-महासमुंद समिति से जुड़े थे.
ये भी पढ़ें-सरगुजा में गोचर भूमि विवाद को लेकर प्रदर्शन, नवापारा चौक पर टी.एस. सिंहदेव पुतला दहन
सीआरपीएफ की तैयारी
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक जीपी सिंह ने हाल ही में छत्तीसगढ़ में फॉरवर्ड ऑपरेटिंग बेस का दौरा किया. उन्होंने जवानों को अभियान के अंतिम चरण के लिए तैयार रहने का संदेश दिया. साथ ही जंगलों में ऑपरेशन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और आईईडी से बचाव के लिए सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने की हिदायत दी. उनका लक्ष्य अभियान के दौरान “जीरो कैजुअल्टी” सुनिश्चित करना है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



