Chhattisgarh Politics Over Petrol Diesel Price: रायपुर/प्रियंका कौशल: छत्तीसगढ़ में पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी (Excise Duty) की कटौती को लेकर सियासी पारा अचानक हाई हो गया है. एक तरफ जहां पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के बीच सोशल मीडिया पर तीखी जुबानी जंग चल रही है, वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रशासनिक स्तर पर मोर्चा संभाल लिया है. तेल की कीमतों और सप्लाई को लेकर जनता में किसी भी तरह का पैनिक न फैले, इसके लिए मुख्यमंत्री ने आला अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की है.
CM साय का एक्शन (Chhattisgarh CM Vishnu Deo Sai Action)
पेट्रोलियम पदार्थों और गैस सिलेंडरों की राज्य में स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कमिश्नर, आईजी (IG) और सभी जिला कलेक्टरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एक बड़ी बैठक की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने तेल और गैस की पर्याप्त उपलब्धता की जानकारी ली और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि परिस्थिति का फायदा उठाकर आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी करने वालों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए.
सरकार ने आम जनता से भी अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें, प्रदेश में पेट्रोलियम पदार्थों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है. इस उच्च स्तरीय बैठक में मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, डीजीपी अरुण देव गौतम, और खाद्य, कृषि व उद्योग विभाग के आला अधिकारियों के साथ-साथ IOCL, BPCL और HPCL के अधिकारी भी मौजूद रहे.
भूपेश बघेल का तंज- लानत भेजें सांय-सांय
प्रशासनिक अमला जहां व्यवस्था सुधारने में लगा है, वहीं सोशल मीडिया पर नेताओं के बीच तीखे प्रहार जारी हैं. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए एक्स (X) पर पोस्ट किया. उन्होंने लिखा कि एक्साइज ड्यूटी की इस कटौती से सिर्फ तेल कंपनियों को राहत दी गई है.
बघेल ने तंज कसते हुए कहा, “जिन लोगों को इस कटौती से राहत मिले, वे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का सार्वजनिक अभिनंदन करें और अगर न मिले तो उनको लानत भेजें सांय-सांय.” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सिर्फ चाटुकारिता के लिए जनता को लाभ मिलने की अफवाह फैला रही है, जबकि हकीकत में जनता को एक कौड़ी की भी राहत नहीं मिलने वाली है.
मंत्री ओ.पी. चौधरी का पलटवार
भूपेश बघेल के इस पोस्ट पर राज्य के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने आक्रामक पलटवार किया और उन पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया. चौधरी ने तीखा जवाब देते हुए कहा, “आपकी इन्हीं हरकतों के कारण जनता ने ‘लानत’ भेजकर आपको पहले ही बाहर का रास्ता दिखा दिया है. जनता को गुमराह करने से पहले अपना इतिहास याद कर लें.”
ये भी पढ़ें: सियासत से कैसे बचा जेवर एयरपोर्ट? जानें 25 साल, 3 PM, 6 CM और राजनाथ सिंह के सपने की कहानी
मंत्री ओपी चौधरी ने पिछली कांग्रेस सरकार को घेरते हुए याद दिलाया कि जब कोविड-19 जैसी वैश्विक आपदा के समय लोग मुश्किल में थे, तब बघेल सरकार ने पेट्रोल पर वैट (VAT) बढ़ाकर ‘आपदा को अवसर’ बनाते हुए जनता से वसूली की थी. चौधरी ने आगे कहा कि आज जब पूरी दुनिया युद्ध और वैश्विक हालात के कारण महंगे तेल से जूझ रही है, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्साइज ड्यूटी कम करने का फैसला लिया ताकि देशवासियों पर बोझ न पड़े. मोदी जी के नेतृत्व में संकट में भी जनता को राहत देने का संकल्प है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


